जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के नाम पर मची लूट पर जोरदार हमला बोला है और कहा है कि प्राइवेट अस्पतालों में सेना की तैनाती कर दी जाए। उन्होंने इसके लिए हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की भी अपील की। उन्होंने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में लूट की बड़ी वजह है कि उनके ज्यादातर मालिक किसी न किसी दल से जुड़े हैं।

पटना स्थित आवास पर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव ने प्राइवेट अस्पतालों द्वारा कोरोना मरीजों से लिए गए लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन को दिखाते हुए कहा कि सरकार ने अब तक प्राइवेट अस्पतालों के लिए टास्क फोर्स क्यों नहीं बनाया? आखिर सरकार की ऐसी कौन से मजबूरी है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, दवा दुकान के मालिक, एंबुलेंस मालिक और ड्राइवर के साथ-साथ इनके परिजनों का मोबाइल भी सर्विलांस पर लिया जाए तो सारा खेल सामने आ जाएगा।

पूर्व सांसद ने कहा कि यही हाल ऑक्सीजन वेंडर का है, जो मनमाने दाम पर लोगों से पैसे वसूल रहे हैं। जाप अध्यक्ष ने कहा कि शेखपुरा स्थित एक सरकारी अस्पताल में एक लड़का मंगलवार को भर्ती के लिए आया। उसके साथ बदसलूकी की गई और बेड नहीं मिलने की वजह से उसने दम तोड़ दिया। हम सरकार से मांग करते है कि कोरोना पेशेंट के लिए वो एंबुलेंस का रेट तय करे। अगर सरकार देने में सक्षम नहीं होगी तो हम उसका भुगतान करेंगे।
Source : Hindustan






