बिहार विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर मंगलवार को एनडीए के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान लोजपा का एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने का मुद्दा छाया रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चिराग पासवान का नाम लिए बिना लोजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान अभी बीमार हैं। मैं उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं, लेकिन यह भी बता देना चाहता हूं कि रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजने में जदयू का भी अहम योगदान है।

जदयू की सहायता से ही वे राज्यसभा के सदस्य बने। आज लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कह रहे हैं कि हमने 15 साल में कुछ नहीं किया। नीतीश कुमार ने चिराग पासवान द्वारा उनके खिलाफ बयान दिए जाने पर कहा कि जिसको जो बोलना है बोले हम इसकी परवाह नहीं करते। हम तो सिर्फ काम करते हैं। किसी को गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। इसी बात को लोग बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। यह बहुत ही हास्यास्पद लगता है।

रामविलास स्वस्थ होते तो यह दिन न देखना पड़ता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुशील मोदी ने कहा कि रामविलास पासवान केंद्र में मंत्री हैं। वह अभी बीमार हैं, जिसके चलते यह दिन देखना पड़ रहा है। वह स्वस्थ होते तो ऐसा समय नहीं देखना पड़ता। बिहार में एनडीए एकजुट है। यहां एनडीए में भाजपा, जदयू, हम और वीआईपी चार दल हैं। हम चुनाव आयोग को लिखेंगे कि इन चार दलों के अलावा कोई अन्य पार्टी या निर्दलीय उम्मीदवार प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल न करे। अगर कोई ऐसा करता है तो चुनाव आयोग विधि सम्मत कार्रवाई करे।

सुशील मोदी ने कहा कि हमारा चुनाव से पहले का गठबंधन है। चुनाव में चाहे जिस पार्टी को जितनी सीट मिले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बनेंगे। इसमें कोई किंतु-परंतु का सवाल ही नहीं है। हमारा गठबंधन अटूट है। हाल के दिनों में भाजपा नेताओं के लोजपा में शामिल होने के सवाल पर भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमारी पार्टी के संविधान में स्पष्ट लिखा है कि अगर कोई व्यक्ति भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ता है तो वह पार्टी का सदस्य नहीं रहेगा। भाजपा बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD