मोतिहारी/पटना : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब-जब जरूरत पड़ी, बिहार के जवानों ने बलिदान देकर मातृभूमि की रक्षा की है। जब गलवन घाटी में चीन ने घुसपैठ की कोशिश की तो वीर जवानों ने शहादत देकर सीमा की रक्षा की। हम इसे कभी व्यर्थ नहीं जाने देंगे। एक इंच जमीन न किसी दूसरे को देंगे और न दूसरे की एक इंच जमीन हड़पने का काम करेंगे। वे शुक्रवार को पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत केसरिया विस क्षेत्र के हुसैनी तथा वैशाली जिले के राघोपुर की जुड़ावनपुर करारी पंचायत के गणोश चौक पर चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

महागठबंधन को निशाने पर लेते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के 15 साल के शासन में कोई दाग नहीं लगा। कम से कम नीतीश सरकार ने चारा तो नहीं खाया। हमारी सरकार जात-पात एवं हंिदूू-मुस्लिम की राजनीति नहीं करती है। एनडीए सरकार समाज के हर तबके को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। राजनाथ ने कहा कि आज जनता की रैली होती है, पहले तो तेल पिलावन लाठी की रैली होती थी। उन्होंने कहा कि भूरा बाल काटो, भूरा बाल साफ करो का नारा देने वालों के वारिस आज किस मुंह से बिहार में राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विकास में भेदभाव करती थी। राजनाथ ने कहा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते हैं कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन्हें बताना चाहिए कि लंबे समय तक जब उनकी पार्टी सत्ता में थी तो यह जमीन क्यों चली गई? हम लोगों का घुटने टेकने का कोई चरित्र नहीं है। उन्होंने कहा कि जब पुलवामा में 40 जवान शहीद हुए तो विपक्ष ने सवाल किया था कि चुनावी लाभ के लिए सरकार ने यह काम कराया। लेकिन, ऐसा हम लोग सोच भी नहीं सकते। अब तो विश्व साफ तौर पर जान गया कि पाकिस्तान ने हमला कराया था। हम सत्ता हासिल करने के लिए भारत की आन-बान एवं शान से समझौता नहीं कर सकते।

रक्षा मंत्री ने कहा-हम सत्ता हासिल करने के लिए भारत की आन-बान एवं शान से समझौता नहीं कर सकते, कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी

सीधे लोगों तक पहुंच रहा सरकारी योजनाओं का लाभ

रक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में केंद्र से किसी योजना के लिए एक रुपया आता था तो धरातल पर 16 पैसा ही पहुंचता था। लेकिन आज नरेंद्र मोदी की सरकार डायरेक्ट बेनिफिट योजना के तहत प्रत्येक किसान के खाते में सालाना छह हजार रुपये दे रही है।

Source : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD