72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल फागू चौहान सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया। इस समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री, मंत्री, प्रशासन व पुलिस के शीर्ष अधिकारी सहित कोरोना योद्धा शामिल रहे।
समारोह के दौरान सेना के 10 जवानों और एक वीरांगना को सैन्य सम्मान से अलंकृत किया गया तथा 10 झांकियां निकालीं गईं। समारोह के दौरान अपने संबांधन में राज्यपाल ने बिहार के विकास तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी तथा कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी बरतने की भी हिदायत दी।
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। जांच के बाद आमंत्रण कार्ड व पास के आधार पर प्रवेश दिया गया। प्रवेश के पहले अतिथियों को सुरक्षा जांच के साथ ही कोरोना टेस्ट से भी गुजारा गया। इसके लिए हर प्रवेश द्वार पर थर्मल स्कैनर और सैनिटाइजर के साथ कर्मी प्रतिनियुक्त किए गए थे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एहतियात के तौर पर आमलोग समारोह में शामिल नहीं हो सके। वे समारोह को देख सकें, इसके लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की गई।
Input: Dainik Jagran






