चुनावी दांव-पेंच के बीच पटना में एक बेनामी पोस्टर ने सियासी हलचल मचा दी है. इस बेनामी पोस्टर पर बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट लिखा हुआ है. लेकिन सबसे हमलावर पंक्ति ‘मोदी से कोई बैर नहीं, नीतीश तेरी खैर नहीं’ लिखी हुई है. पोस्टर में चिराग को नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा दिखाया गया है. वहीं नीतीश कुमार का ग्राफिक्स अलग बना हुआ है. यह पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सूत्रों की मानें तो इस बेनामी पोस्टर ने एनडीए गठबंधन में मतभेद को बढ़ा दिया है. खासकर लोजपा व जदयू के बीच ‘मोटी गांठ’ पड़ गई है. हालांकि लोजपा ने पोस्टर को लेकर चुप्पी साधी है, लेकिन जदयू के तेवर तल्ख हो गया है.

पहले भाजपा ने नीतीश की तारीफों के पुल बांधे तो राजद की ओर से पलटवार में पोस्टर लगाए गए. इसमें नरेंद्र मोदी के नीतीश कुमार के खिलाफ दिए गए डीएनए बयान वाले पोस्टर दिखाई दिए. अब सोशल साइट पर ऐसे पोस्टर वायरल हो रहे हैं, जिसमें चिराग पासवान पीएम मोदी से दोस्ती और नीतीश से रार के मूड में नजर आ रहे हैं.

बता दें कि शुक्रवार को भी लोजपा प्रवक्ता विकास मिश्रा समेत अन्य प्रवक्ता ने नीतीश कुमार की सात निश्चय योजना को भ्रष्टाचार का पिटारा बताया था. इसी के जवाब में जदयू नेता अजय आलोक ने शनिवार को कहा है कि आरटीआई से जानकारी लेकर मुकदमा क्यों नहीं करते हैं.

Source : Live Cities

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD