महागठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे का औपचारिक ऐलान भले ही अब तक नहीं हुआ हो लेकिन पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों को नामांकन की तैयारी का निर्देश जरूर दे दिया है। खासकर पहले चरण के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दलों ने अपने उम्मीदवारों को फोन कर नामांकन की तैयारी करने को कहा है। चर्चा के अनुसार राजद ने गुरुवार को दर्जन भर से अधिक अपने उम्मीदवारों को फोन कर नामांकन की तैयारी करने को कहा।

राजद सूत्रों के अनुसार महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। कांग्रेस व वामदलों के साथ ही वीआईपी से सीटों पर सहमति होने के बाद गुरुवार को राजद ने पहले चरण के उम्मीदवारों को फोन करना शुरू कर दिया है।

बताया जाता है कि राजद जल्द भावी प्रत्याशियों को सिबंल भी दे देगा। औपचारिक ऐलान भले ही किसी भी दिन हो लेकिन उम्मीदवारों को नामांकन करने में आवश्यक दस्तावेज बनाने में परेशानी नहीं हो, इसी सोच के साथ पार्टी ने फोन कर अभी से ही पूरी तैयारी करने को कहा है।

प्रियंका गांधी ने RJD से बात करने का बीड़ा उठाया

राजद से तालमेल में उत्पन्न गतिरोध दूर करने का बीड़ा अब खुद प्रियंका गांधी ने संभाल लिया है। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच गुरुवार को दो दौर की बात हुई। हालांकि अभी तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। लेकिन इतना जरूर हुआ कि कांग्रेस ने 75 सीट लेने और राजद ने 58 सीट देने की जिद को छोड़ दी। लिहाजा बीच का रास्ता निकालकर लगभग 65 सीट कांग्रेस को देने पर बात बन सकती है। उधर, कांग्रेस ने अपनी प्राथकिता वाली सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम को भी अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप से दोनों दलों के बीच बढ़ी दूरी पटने लगी है। इसके पहले बुधवार को बिहार के सभी वरीय नेताओं से हुई वार्ता की जानकारी भी बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने प्रियंका गांधी को दे दी। उसके बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। उम्मीद है कि शुक्रवार तक नये फार्मूले पर बात बन सकती है।

उधर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनास पांडेय के साथ दोनों सदस्य और बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा, विधायक दल के नेता सदानंद सिंह , प्रभारी सचिव अजय कपूर और वीरेन्द्र राठौर गुरुवार को एक साथ बैठे। सभी नेताओं ने प्राथमिकता वाली सीटों की सूची क्रमवार बना ली। उसके बाद उन सीटों के लिए चुनाव लड़ने को इच्छुक नेताओं की सूची संक्षिप्त की गई। सभी सीटों पर दो उम्मीदवरों के नाम तय कर लिये गये। सीटों की संख्या तय हो जाने के बाद उम्मीदवारों के नाम की घोषणा आलकमान से सहमति लेकर की जाएगी।

Input : live hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD