बिहार विधानसभा 2020 से पहले नवगठित पुष्मप प्रिया चौधरी की प्लूरल्स पार्टी को लगा बड़ा झटका। मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी जता रहीं प्लूरल्स पार्टी की मुखिया पुष्पम प्रिया चौधरी और उनकी पार्टी को पहले चरण के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान ही निराशा हाथ लगी। दरअसल चुनाव आयोग की ओर से नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्लूरल्स के 61 उम्मीदवारों में से 28 के नामांकन अवैध घोषित किए वहीं उनकी पार्टी के 33 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। इस बात की जानकारी खुद पार्टी अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने ट्वीट कर दी है।

उन्होंने लिखा है कि प्लुरल्स उम्मीदवारों के 33 नामांकन स्वीकृत, 28 ख़ारिज! लोकतंत्र अमर रहे!

उधर प्लूरल्स ने दूसरे चरण के लिए चुनाव के लिए अपने कैंडिटेट्स की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने सबकाशासन हैशटैग करते हुए लिखा कि प्लुरल्स पोल कमिटी की अनुशंसा पर बिहार विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण के 94 क्षेत्रों के लिए 26 उम्मीदवारों (स्त्री 13, पुरुष 13) की सूची जारी की जा रही है। शेष कल तक। प्लुरल्स के सभी घोषित प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएँ।

71 सीटों के लिए 1090 नामांकन पत्रों को वैध पाया गया
आपको बता दें कि बिहार विधानसभा आम चुनाव को लेकर पहले चरण के 71 सीटों पर चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 264 नामांकन पत्रों को रद्द कर दिया गया। इन सीटों के लिए कुल 1354 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें दस नामांकन पत्र ऑनलाइन भी दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 1090 नामांकन पत्रों को वैध पाया गया। पहले चरण के चुनाव को लेकर नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2020 तक निर्धारित है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार पालीगंज में सर्वाधिक 28 तो गया टाउन में 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके नामांकन पत्र को वैध पाया गया है। वहीं, तारापुर में 26, अरवल में 24, गुरुआ में 23, शाहपुर में 23, टेकारी में 23, वजीरगंज व रजौली (सु) में 22-22, सासाराम, करहगर और दिनारा में 20-20-20 प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों को वैध पाया गया है। तो, दूसरी ओर , कटोरिया (सु) विधानसभा क्षेत्र के लिए सबसे कम मात्र पांच उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। यहां आठ नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें तीन रद्द कर दिए गए।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD