गोरखपुर में शुक्रवार को दीवानी कचहरी गेट पर नाबालिग से रेप के एक आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद हड़कंप मच गया. गोली लगने से जिसकी मौत हुई है उसका नाम दिलशाद हुसैन बताया गया है. आरोपी को जिसने गोली मारी है वह पीड़ित लड़की का ही पिता बताया गया है. दिलशाद जमानत पर रिहा चल रहा था और वह पहली तारीख पर कचहरी पहुंचा था तभी उसे पीड़ित लड़की के पिता ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
आज कलेक्ट्रेट परिसर के पास वादी भागवत निषाद द्वारा प्रतिवादी दिलसाद हुसैन को गोली मार दी गयी। आरोपी को मय असलहा पकड़ लिया गया है। मृतक स्वयं आरोपी के नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोपी था। मौक़े पर सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद है
— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) January 21, 2022

यह घटना कचहरी गेट पर हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी दिलशाद हुसैन कचहरी में एक वकील से मिलने आया था. इसी दौरान कचहरी के मेन गेट पर ही उसे गोली मार दी गई. आरोप है कि इस दौरान मौके पर कुछ पुलिसकर्मी मौजूद थे जो गोली चलते ही भाग खड़े हुए. इस सनसनीखेज हत्या के बाद जिस शख्स को गिरफ्तार किया गया है वह पीड़ित लड़की का पिता बताया गया है.


जमानत पर बाहर था रेप का आरोपी दिलशाद
30 वर्षीय दिलशाद हुसैन नाबालिग से रेप के मामले में जमानत पर रिहा चल रहा था. इस केस में उसकी पहली तारीख थी. दिलशाद हुसैन ने अपने वकील को दोपहर फोन किया. कोविड प्रोटोकॉल के कारण वकील बाहर आकर उससे मिलने वाला था, इसी दौरान लड़की के पिता ने उसे देखते ही गोली चला दी.

दिन दहाड़े हुई घटना से मचा हड़कंप
दिन दहाड़े हुई इस वारदात से वहां हड़कंप मच गया. हत्यारोपी गोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र का रहने वाला है जबकि मारा गया शख्स दिलशाद हुसैन बिहार का रहने वाला था. पुलिस ने इस हत्यारोपी को पकड़ लिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
Input : News18






