खगड़िया. बिहार के खगड़िया (Khagadia) में स्कूल की दीवार गिरने के कारण बड़ा हादसा हो गया है. इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि तीन अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. बता दें कि यह हादसा खगड़िया के महेशखुंट थाना के चंडी टोला गांव में हुआ है. जानकारी के मुताबिक, स्कूल की दीवार गिरने के कारण छह मजदूरों की दबने से मौत हुई है. इसके अलावा एक बच्चा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है.
![]()
इस हादसे पर खगड़िया के प्रभारी डीएम ने कहा कि दीवार गिरने से छह मजदूरों की मौत हुई है. जबकि तीन के दबे होने की आशंका है. इस समय दो जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है. यही नहीं, उन्होंने जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही है. वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
इस हादसे के बाद काफी संख्या में लोग घटना स्थल पर मौजूद हैं. वहीं सूचना मिलने के बाद जिले के अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है. जानकारी के मुताबिक, बन्नी पंचायत के हाईस्कूल की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है. हादसे के समय कई मजदूर काम कर रहे थे और अचानक दीवार गिर गई. इसमें अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है.
यह काम बिहार सरकार की नल जल योजना के तहत चल रहा था. बता दें कि स्कूल की जो दीवार गिरी है उसका निर्माण विधायक पन्नालाल सिंह पटेल ने पिछले साल ही कराया था.

घटना से भड़के ग्रामीण
इस हादसे के बाद ग्रामीण भड़क गए हैं. यही नहीं, इस हादसे में मरने वालों के परिवारजनों ने नौकरी और मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी है. मरने वालों के परिवारजनों के साथ ग्रामीण महेशखुंट के चैधाबन्नी के पास प्रदर्शन कर रहे हैं.
Source : News18






