बिहार के कई जिलों में मंगलवार की रात अचानक तेज हवा के साथ हुई बारिश के साथ ही ओलावृष्टि से मौसम का मिजाज बदल गया है। एकतरफ किसान इस बदले मौसम के मिजाज से चिन्तित हैं तो वहीं मुंगेर जिले में वज्रपात से दो लोगों की मौ’त हो गई है।

जानकारी के मुताबिक मुंगेर जिले के शामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रहण गांव में श्राद्ध कर्म में भाग लेने आए दो युवक की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अग्रहण गांव निवासी कपिल यादव की स्वाभाविक मृत्यु कुछ दिन पूर्व हुई थी। इनके श्राद्ध कर्म में मुंगेर जिले के सदर प्रखंड तौफिर टीकारामपुर गांव निवासी कौशल यादव (29) तथा बांका जिले के बंधुडीह गांव निवासी राकेश यादव (26) भाग लेने हेतु अग्रहण गांव आए हुए थे।
इसी दौरान बुधवार को दोनों शौच करने हेतु नदी की ओर जा रहे थे कि वज्रपात के चपेट में आने से तौफिर टीकापुर निवासी कौशल यादव तथा बंधुडीह गांव निवासी राकेश यादव की खेत में ही मौत हो गई। इधर सूचना मिलने के बाद शामपुर थानाध्यक्ष पप्पन कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों मृतक के शव को अपने कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम हेतु मुंगेर भेज दिया है।
बुधवार को भी पटना सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से पटना, सारण, वैशाली, समस्तीपुर और भागलपुर के लिए अगले तीन घंटे में तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी पटना सहित कई जिलों मे आज सुबह से आसमान में बादल छाये हुए हैं। मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के कई जिलों में बुधवार को मौसम में बदलाव दिखेगा, यहां आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की भी संभावना है।
.jpg)
बिहार में सोमवार और मंगलवार का दिन काफी गर्म रहा, दिनभर धूप बहुत तेज थी। मंगलवार की शाम होते ही प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी आंधी चली और तेज हवा चलने के कारण लोगों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
पटना में मंगलवार की आधी रात के बाद आसमान में बादल के साथ तेज हवाएं चलनी शुरू हो गयीं। बुधवार की सुबह आसमान में काले बादल मंडरा रहे हैं जिससे बारिश होने की भी संभावना है। हालांकि सुबह हल्की बारिश हुई है।
कटिहार में बुधवार को तेज आंधी व बारिश के बीच ही लोगों की आंखें खुली। सुबह तकरीबन साढे पांच बजे से जारी यह क्रम अभी तक कायम है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इससे न केवल पछता गेहूं की तैयारी प्रभावित होगी, बल्कि मक्का के साथ आम व लीची की फसलों को भी इससे नुकसान पहुंचने की आशंका है। खासकर तेज आंधी से बृहत पैमाने पर आम के टिकौले झड गए हैं।
.jpg)
भागलपुर जिले में आधी रात बाद से ही तेज आंधी के साथ बारिश हुई है। अभी भी हल्की बारिश जारी है।
ग्रामीण इलाकों में आम और मक्के के फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगह बड़े पेड़ भी गिरे हैं। जिससे मुख्य मार्ग का यातायात बाधित हो गया है।
मोतिहारी में भी मंगलवार की देर रात अचानक मौसम ने बदला रुख, तेज हवा के साथ जबरदस्त बारिश हुई। अभीतक आसमान में बादल छाए हैं।
बाँका में आंधी के साथ तेज बारिश हुई है।
मधुबनी में भी सुबह में बारिश हुई है।
लखीसराय में भी देर रात बारिश हुई।
नवादा में तेज हवा चल रही है, आसमान में बादल है, बारिश नहीं हुई है।
सहरसा में आधी रात बाद करीब तीन बजे से ही तेज आंधी के साथ बारिश हुई है। अभी भी हल्की बारिश हो रही है।
समस्तीपुर में देर रात मौसम ने बदला मिजाज, तेज हवा के साथ बारिश, कई हिस्सों में गिरे ओले ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों में बिहार में फिर से तापमान बढ़ जाएगा। लोगों को दिन भर गर्म हवा का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार को पटना में अधिकतम तापमान 38 ℃ रहा।
Input : Dainik Jagran







