पटना. इंडियन रेलवे के सबसे पुराने संस्थान आईआरआईएमईई (इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) को जमालपुर (मुंगेर) से लखनऊ शिफ्ट करने के खिलाफ तल्ख ऐतराज जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा। उनसे शिफ्टिंग को हर हाल में रोकने की बात कही। मुख्यमंत्री के पत्र के मद्देनजर रेलवे का विचार बदला। उसने जमालपुर में इस संस्थान को रहने देते हुए लखनऊ में भी कमोबेश इसी तरह के संस्थान को बनाने की बात तय की है।

मंत्री संजय झा ने ट्वीट कर कहा- सीएम के पत्र के बाद शिफ्टिंग की बात बर्दाश्त नहीं

राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने रेल मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय को कई ट्वीट किए और साफ कर दिया कि ‘जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार का एक गौरव माने जाने वाले इस संस्थान को बिहार में ही रहने देने का आग्रह कर चुके हैं, तो फिर शिफ्टिंग की बात कहां से आती है? हम इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। 93 साल पुराना यह संस्थान बिहार और रेलवे के गौरवपूर्ण इतिहास का अभिन्न हिस्सा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 मई को पत्र लिखकर इसे जमालपुर में ही रहने देने का आग्रह किया है।’ संजय ने कहा-’शिफ्टिंग, प्रतिगामी कदम है। रेल मंत्री तत्काल हस्तक्षेप करें। 2015 में तो मुख्यमंत्री ने इसे यूनिवर्सिटी में अपग्रेड करने के लिए केंद्र से आग्रह किया था। किंतु ऐसा नहीं हुआ। रेल मंत्री शिफ्टिंग के आदेश को रोकें।’

मुख्य यांत्रिक इंजीनियर की जमालपुर कारखाने के निदेशक  को 27 अप्रैल को लिखी गई चिट्‌ठी।

फैक्ट्री की यूपी में शिफ्टिंग की तैयारी पर डिप्टी सीएम बोले-ये सिर्फ अफवाह

उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुंगेर स्थित देश के सबसे पुराने जमालपुर के इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग को लखनऊ शिफ्ट करने की कोई योजना है ही नहीं। यह खबर भ्रामक है। कहा-मेरी रेलमंत्री से बात हुई है। केंद्र के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। मुख्यमंत्री ने भी इस संबंध में पत्र लिखा है जिसका रेल मंत्री पियूष गोयल जवाब देंगे। गोयल ने कहा है कि जमालपुर इंस्टीट्यूट को बड़ौदा के रेलवे व ट्रांसपोर्ट विश्वविद्यालय के कैम्पस के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, जहां रेलवे से जुड़े मैकेनिकल व इंजीनियरिंग के छात्रों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD