पटना. ट्रेन में सफर करने वाले बिहार के यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है. सूबे के तीन और स्टेशनों में हाईटेक सुविधा (Hi-tech Railway Station) मिलने वाली है. स्टेशन पुनर्विकास योजना (station redevelopment plan) के तहत पूर्व में चयनित 05 स्टेशनों के अलावा सीतामढ़ी (Sitamarhi), दरभंगा (Darbhanga), बरौनी (Barauni), झारखंड के धनबाद और उत्तर प्रदेश के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन सहित पूर्व मध्य रेल के और पांच स्टेशनों का पुनर्विकास कर उसे वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से युक्त किया जाएगा.

मालूम हो कि अब तक गया, राजेंद्र नगर टर्मिनल, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय एवं सिंगरौली स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास के रूप में विकसित करने की पहल शुरू की जा चुकी है. पांच और स्टेशनों के चयन के बाद पूर्व मध्य रेल में अब कुल 10 स्टेशनों का पुनर्विकास कर उसे अत्याधुनिक विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त किया जाएगा. स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा किया जाना है.

स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को संरक्षा, बेहतर एवं सुखद यात्रा अनुभव तथा विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं प्रदान करना है. स्टेशन को विश्वस्तरीय एवं अत्याधुनिक सुविधा से सुसज्जित करते हुए स्टेशन को ग्रीन बिल्डिंग का रूप दिया जाएगा, जहां वेंटिलेशन आदि की पर्याप्त व्यवस्था होगी. रेलवे की जमीन पर मॉल और मल्टीपर्पस बिल्डिंग बनाया जाएगा. स्टेशन का विकास सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता उपकरण और ‘हरित इमारत’ मानकों के अनुसार किया जाएगा.

जानें क्या है रेलवे का पूरा प्लान
रेल यात्रियों के स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान के लिए एंट्री और एक्जिट द्वार ऐसे होंगे, जिससे यात्रियों को भीड़-भाड़ का सामना नहीं करना पड़े. स्टेशन पर एक्सेस कंट्रोल गेट एवं प्रत्येक प्लेटफार्म पर एस्केलेटर एवं लिफ्ट लगाए जाएंगे, ताकि एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने-जाने में यात्रियों को सुविधा हो. यात्रियों को प्रदान की जाने वाली आवश्यक सुविधाओं में खान-पान, वॉशरूम, पीने का पानी, एटीएम, इंटरनेट आदि शामिल होंगे. इससे आम यात्रियों के साथ वरिष्ठ नागरिक विशेष रूप से लाभान्वित होंगे.
दिव्यांगजनों का भी रखा जाएगा ख्याल
पुनिर्वकास के क्रम में दिव्यांगजनों (handicapped persons) के लिए भी सभी सुविधाएं जैसे रैम्प, ब्रेल लिपि इत्यादि प्रदान की जाएंगी ताकि दिव्यांगजन बिना किसी असुविधा के स्वयं भी रेल यात्रा करने में सक्षम हो सकें.
Input: news18





