कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की भयावहता को देखते हुए राज्यपाल सह कुलाधिपति फागू चौहान ने मई में ही राज्य के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में गर्मी की छुट्टी तय कर दी है। इस बार एक से 31 मई तक गर्मी की छुट्टी रहेगी।इसको लेकर सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी कर दिया है। पहले जून में विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गर्मी की छुट्टी घोषित थी।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 15 मई तक प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया है। इस स्थिति को देखते हुए राज्यपाल सह कुलाधिपति ने छात्रहित में शुक्रवार को यह निर्णय लिया। राज्यपाल-सह-कुलाधिपति फागू चौहान के निर्देश पर अब राज्य के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 01 मई 2021 (शनिवार) से 31 मई 2021 तक गर्मी की छुट्टी रहेगी। पहले राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी छुट्टी कैलेंडर में यह छुट्टी 01 जून 2021 से 30 जून 2021 तक घोषित थी। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार यदि मई में कोई परीक्षा प्रस्तावित हो तो उन्हें 01 जून 2021 से 15 जून, 2021 तक संपन्न करा ली जाएगी। आदेश में कहा गया है कि कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

वहीं उत्तर प्रदेश में भी कक्षा एक से आठ तक के स्कूल 20 मई तक बंद रहेंगे। इस दौरान शिक्षक, अनुदेशक व शिक्षामित्र घर से काम (वर्क फ्राम होम) करेंगे। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी ने जानकारी दी है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की शिक्षिकाओं को भी घर से काम करने की अनुमति होगी। इससे पहले स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद किया गया था।
इससे पहले राजधानी दिल्ली में कोरोना से बचाव के लिए घोषित बन्दी के साथ ही 9 जून तक गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। इसके साथ ही स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं को भी रद कर दिया है। जिसके तहत निदेशालय ने दिल्ली के सभी स्कूलों के लिए 20 अप्रैल से गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
9 जून तक गर्मी की छुट्टियां
शिक्षा निदेशालय के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 11 मई से 30 जून तक ग्रीष्मवकाश होना था, लेकिन अब 20 अप्रैल से 9 जून तक सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों में ग्रीष्मवकाश रहेगा।
Input: Live Hindustan





