बिहार विधानसभा (Bihar Assembly) का कार्यकाल नवंबर के आखिरी हफ्ते से पहले ही खत्म हो जाएगा. यानी हर हाल में आखिरी हफ्ते से पहले ही नई सरकार का गठन हो जाना चाहिए. लेकिन, क्या बिहार में चुनाव के हालात हैं? ये सवाल बार-बार सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में उठाए जा रहे हैं. दरअसल अनलॉक होने के बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमण (COVID-19 infection) तेजी से बढ़ा है. इस बीच विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने कहा है कि चुनाव हर हाल में समय से ही होंगे. बीजेपी-जेडीयू (BJP-JDU) भी चुनाव को लेकर काफी उत्साहित है और चुनाव टालने की बात करनेवालों को डरा और घबराया हुआ बता रही है. हालांकि इससे इतर एक हकीकत ये है कि चुनाव करवाने की जिद ने पहली ‘बलि’ ले ली है.

दरअसल, बिहार के खगड़िया में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी EVM की ट्रेनिंग के दौरान संक्रमित हुए प्रधानाचार्य कैलाश झा किंकर की सोमवार (13 जुलाई) को इलाज के दौरान मौत हो गई. वे खगड़िया के रामगंज संसारपुर स्थित कोविड सेंटर में भर्ती थे. कैलाश झा जिले में चल रही ईवीएम ट्रेनिंग के मास्टर ट्रेनर थे और हैदराबाद से आए उन प्रशिक्षकों के संपर्क में आकर कोरोना संक्रमित हो गए थे, जो बाद में कोरोना पॉजिटिव पाए गए.  कैलाश झा के साथ तीन अन्य लोग भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे.

खास बात ये है कि राज्य में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए कैलाश झा के अलावा कई अन्य शिक्षक इस ट्रेनिंग में शामिल नहीं होना चाहते थे. इसी वजह से ट्रेनिंग के लिए प्रतिनियुक्त 70 में से 61 मास्टर ट्रेनर ट्रेनिंग से अनुपस्थित भी रहे. लेकिन 8 जुलाई को खगड़िया के डीएम ने इन सभी मास्टर ट्रेनर को ट्रेनिंग से अनुपस्थित रहने की वजह से शोकॉज नोटिस भी जारी किया.

शिक्षकों को जारी किया गया था शो कॉज नोटिस

बाद में जब ट्रेनिंग में शामिल हैदराबाद के इंजीनियरों के कोरोना संक्रमित होने की खबर आई, तो जिला प्रशासन ने सभी मास्टर ट्रेनरों और अन्य कर्मियों का टेस्ट कराया. उनमें से 7 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले और कैलाश झा किंकर की इलाज के दौरान आइसोलेशन सेंटर में मौत हो गई.

कैलाश झा किंकर खुद कवि थे इसलिए उनके कई कवि मित्र भी थे. इन्हीं में से एक मित्र लता सिन्हा के साथ मौत से पहले उनकी व्हाट्सएप पर चैटिंग हुई थी. चैट में कैलाश झा ने कोविड सेंटर की व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि यहां की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है. लता सिन्हा ने अपने टि्वटर हैंडल पर कैलाश झा किंकर के साथ उस चैट को शेयर करते हुए ये बातें कही हैं.

Input : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD