बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. हाल ही में बीजेपी में शामिल होने वाली शूटर श्रेयसी सिंह को भी टिकट मिला है. पार्टी ने उन्हें जमुई से उम्मीदवार बनाया है. श्रेयसी सिंह बिहार के दिग्गज नेता रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी हैं.

श्रेयसी सिंह ने रविवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की. बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी. इसके अलावा पार्टी ने कहलगांव से पवन कुमार यादव, बांका से रामनारायण मंडल, मुंगेर से प्रणव यादव, लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा, बाढ़ से ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, काराकाट से राजेश्वर राज को टिकट दिया है. बीजेपी ने उन सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जहां पर पहले चरण के तहत मतदान होगा.

पहले चरण में 16 जिलों की 71 सीटों पर वोटिंग होगी. इसके लिए नामांकन की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर है. यानी की अब नामांकन में दो दिन ही बचे हैं.

कौन है श्रेयसी सिंह

अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज श्रेयसी सिंह के राजनीति में आने की चर्चा बहुत दिनों से थी. श्रेयसी ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था. साल 2014 के ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भी श्रेयसी ने निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था.

खेलों में उनके योगदान को देखते हुए अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है. श्रेयसी की मां पुतुल सिंह भी सांसद रही हैं.पुतुल सिंह बांका सीट से लोकसभा चुनाव लड़ती थीं. 2019 के चुनाव में बांका सीट जेडीयू के खाते में चली गई.

121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बीजेपी

बता दें कि बीजेपी बिहार की 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. बीजेपी को इनमें से कुछ सीटें मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी को देनी है. बीजेपी वीआईपी को कितनी सीटें देंगी अभी तय नहीं है. बीजेपी पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्व चंपारण, गया जैसे शहरों पर चुनाव लड़ रही है. इससे पहले पार्टी ने उन 121 सीटों की लिस्ट जारी की, जहां पर वो चुनाव लड़ेगी.

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD