बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दूसरे चरण के होने वाले चुनाव के लिए आज प्रचार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आएंगे। पीएम मोदी जहां बिहार के चार जिले छपरा, समस्तीपुर, पूर्वी चम्पारण और पश्चिम चम्पारण में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं इन चार सभाओं में दो स्थानों समस्तीपुर और बगहा में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे।
आदरणीय प्रधानमंत्री जी चूँकि आज बिहार के चुनावी दौरे पर आ रहे है तो बिहारवासियों को आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि वो सकारात्मकता के साथ केवल और केवल बिहार और बिहारवासियों के जीवन व बेहतरी से संबंधित ज्वलंत मुद्दों, समस्याओं और उनके कार्यकाल में हुए निवारण पर अपना मंतव्य रखेंगे।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 1, 2020
भाजपा नेताओं के अनुसार एक नवम्बर को पीएम सबसे पहले छपरा में हवाई अड्डा पर जनसभा को संबोधित करेंगे। दूसरी रैली पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी में होगी। समस्तीपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान में होने वाली तीसरी चुनावी जनसभा में भाजपा के छह, जदयू के 15 प्रत्याशी और एनडीए कार्यकर्ता जुड़ेंगे। वहीं, पश्चिमी चंपारण के बगहा में बाबा भूतनाथ कॉलेज की रैली से भाजपा के नौ और जदयू कोटे के वाल्मीकिनगर लोकसभा उपचुनाव के उम्मीदवार व एनडीए कार्यकर्ता जुड़ेंगे। पीएम की रैली के लिए एनडीए के साथ ही पुलिस-प्रशासन ने भी पूरी तैयारी कर रखी है।

– पीएम के आज होने वाले दौरे से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी चूँकि आज बिहार के चुनावी दौरे पर आ रहे है तो बिहारवासियों को आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि वो सकारात्मकता के साथ केवल और केवल बिहार और बिहारवासियों के जीवन व बेहतरी से संबंधित ज्वलंत मुद्दों, समस्याओं और उनके कार्यकाल में हुए निवारण पर अपना मंतव्य रखेंगे।
Source : Hindustan




