पूरे विश्व में दहशत मचाने वाले कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर से जहां सभी लोगआतंकित हैं वहीं बिहार की राजधानी पटना (Patna) से एक बड़ी सुखद खबर है. पटना सिटी के अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) से आज कोरोना पॉजिटिव 5 मरीजों को एक साथ छुट्टी दे दी गई. कोरोना पॉजिटिव 5 मरीजों में 4 मरीज जहां सिवान के हैं, वही एक मरीज पटना के खेमनीचक स्थित शरणम अस्पताल का कर्मचारी है.
तीसरा सैंपल आया था निगेटिव
रविवार को आरएमआरआई में कोरोना की तीसरी सैंपल जांच में इन पांचों मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें 14 दिनों के होम क्वॉरेंटाइन को लेकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. एंबुलेंस द्वारा इन सभी पांच मरीजों को उनके घर भेज दिया गया. कोरोना जिंदगी की जंग जीत लेने से खासे उत्साहित मरीजों ने इसे लेकर जहां डॉक्टरों के प्रति विशेष आभार प्रकट किया है, वही आम लोगों से भी इस बीमारी का डटकर मुकाबला किए जाने की अपील की है.
चार सीवान और एक पटना का था मरीज
मरीजों ने इस बीमारी को लेकर लोगों से विशेष एहतियात बरतने की अपील करते हुए जागरूकता अभियान चलाए जाने की भी गुजारिश की है. स्वस्थ हुए मरीजों ने लोगों से डॉक्टरों की हर सलाह मानने की अपील करते हुए इस बीमारी से डटकर मुकाबला किए जाने की बात दोहराई है. गौरतलब है कि सिवान के ये चारों मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इन्हें 29 मार्च को एनएमसीएच में भर्ती कराया गया था. शरणम अस्पताल के कर्मचारी सूरज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बीते 26 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. एक साथ 5 मरीजों की छुट्टी दिए जाने पर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रसन्नता जताते हुए आम लोगों से इस बीमारी को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
Input:News18








