पटना. जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का नेता चुन लिया गया और इसके साथ ही उनके फिर मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है. वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने बताया कि राजग की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना गया. जबकि बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया है. इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि कल (सोमवार) को दोपहर बाद 4 से 4.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा. हालांकि उपमुख्यमंत्री के तौर पर सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) के नाम पर अभी सस्पेंस बरकरार है. हालांकि सुशील मोदी ने ट्वीट कर दावा किया है कि उनसे कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता.
भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे ४० वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा।आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा।कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) November 15, 2020
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सुशील मोदी ने कही ये बात
दरअसल एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सुशील कुमार ने जो भाषण दिया वह एक तरह से विदाई भाषण था. उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है, नेता प्रतिपक्ष बनाया, उप मुख्यमंत्री बनाया विधानमंडल दल का नेता बनाया, लेकिन इस बार मैं चाहता हूं कि कोई चुना हुआ विधायक ही विधानमंडल दल का नेता हो. जबकि खुद सुशील कुमार मोदी ने ही तार किशोर प्रसाद का नाम विधानमंडल दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया,जिस पर प्रेम कुमार और नंदकिशोर यादव ने समर्थन किया. दूसरी तरफ विधानमंडल दल के उप नेता के नाम रेणु देवी का प्रस्ताव विजय सिन्हा ने किया जिसका समर्थन संजय सरावगी ने किया. नोनिया समाज से आने वाली रेणु देवी बेतिया से चौथी बार विधायक बनी हैं. हालांकि नई सरकार में किस दल का कौन मंत्री होगा और कितने मंत्री होंगे.यह भी अभी स्पष्ट नहीं है.
इसके अलावा सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट किया,’ भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया कि शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा. आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूंगा. कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता.’
डिप्टी सीएम पर ये बोले राजनाथ
जबकि सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि यह सब थोड़ी देर में तय हो जायेगा. जबकि भाजपा के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने भी उपमुख्यमंत्री के नाम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उचित समय पर जानकारी दे दी जायेगी.





