बिहार में कोरोना की दूसरी लहर ने कहर बरपाया है। यहां रोजाना मिल रहे कोरोना के नये केस अपने बीते दिन के रिकॉर्ड को तोड़ता जा रहा है। कोरोना के सेकेंड वेव ने अब 33 जिलों में अपनी पकड़ बना ली है। दरअसल 33 जिलों में 351 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है।

इससे पहले 27 मार्च को राज्य में 195 नए संक्रमितों और 26 मार्च को 211 नए संक्रमित पेशेंटों की पहचान हुई थी। 12 मार्च के बाद रविवार को एक दिन में सबसे अधिक 351 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीज़ों की संख्या बढ़कर 1346 हो गयी है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पटना में सर्वाधिक 137 संक्रमितों की पहचान की गई। जबकि अररिया में 18, भागलपुर में 48, गया में 14, जहानाबाद में 15, सीवान में 15 नए संक्रमितों की पहचान की गई।
24 घंटे में राज्य में 119 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ्य हो गए, जबकि एक कोरोना संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गयी। रविवार को कुल 65,104 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। अभी, राज्य में कोरोना के मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98.90 फीसदी है।
2 करोड़ 35 लाख से अधिक सैम्पल की हो चुकी है जांच
विभाग के अनुसार राज्य में अबतक 2 करोड़ 35 लाख 50 हजार 969 सैम्पल की कोरोना जांच की जा चुकी है। राज्य में अबतक 2,64,955 संक्रमितों की पहचान हुई है और इनमें 2,62,036 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक कोरोना संक्रमित 1572 मरीजों की मौत हो चुकी है।
Input: Live Hindustan








