बिहार में बर्ड फ्लू का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। पशु ए‌वं मत्स्य संसाधन विभाग ने जनवरी में अब तक 600 नमूने की जांच की है, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें संजय गांधी जैविक उद्यान पटना के नमूने भी शामिल हैं। विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है। विभाग के सहायक निदेशक डॉ. दिवाकर प्रसाद ने कहा है कि बिहार में किसी भी जिले से मुर्गियों में अस्वाभाविक मृत्यु की सूचना नहीं है।

इधर, विभिन्न स्रोतों से अन्य राज्यों में पक्षियों के असमायिक मृत्यु के संबंध में प्राप्त हो रही सूचना के बाद पदाधिकारियों को समुचित तैयारी करने एवं किसी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। पक्षियों में बीमारियों की जांच के लिए भेजे जाने वाले एवियन इन्फ्लूएंजा सर्विलांस के नमूनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। मुर्गी पालकों को परामर्श दिया गया है कि फॉर्म में उचित प्रबंधन, समय पर टीकाकरण, स्वच्छता एवं पूर्ण कीटाणुनाशक की प्रक्रिया अपनाएं।

पशु चिकित्सालय को बताएं
आम लोगों से अनुरोध किया गया है कि मृत अथवा रोगग्रस्त पक्षी दिखने पर अविलंब निटकतम पशु चिकित्सालय को बताएं। साथ ही पटना स्थित पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान में स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2226049 पर संपर्क करें। विभाग ने यह भी कहा है कि बर्ड फ्लू वायरस 60 डिग्री सेल्सियस तापमान पर नष्ट हो जाता है। इसलिए मांस-अंडों को अच्छी तरह पकाकर खाएं।

Input: Live Hindustan

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD