बिहार में नौ जून से लॉकडाउन का स्वरूप और इसकी अवधि क्या होगी, इस पर मंगलवार को फैसला होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंत्रियों और पदाधिकारियों से विचार-विमर्श करने के बाद आठ जून के बाद लॉकडाउन को लेकर निर्णय लेंगे। कौन-कौन सी पाबंदियां रहेंगी और क्या अतिरिक्त छूट मिलेगी, इस पर आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में चर्चा होगी। इसके बाद गृह विभाग लॉकडाउन-5 को लेकर आदेश जारी करेगा, जो नौ जून से प्रभावी होगा।

जानकारी के अनुसार लॉकडाउन का विस्तार किया जा सकता है। लॉकडाउन-5 में और भी कई तरह की छूट मिलने की उम्मीद है। दुकानों के खुलने के समय में और अधिक छूट मिल सकती है। साथ ही आवागमन से संबंधित भी कई अहम निर्णय मंगलवार की बैठक में लिये जाने की संभावना है। संबंधित विभागों ने भी राय दी है कि लॉकडाउन को अभी पूरी तरह नहीं हटाया जाना चाहिए।

5 मई से जारी है लॉकडाउन

कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए राज्य सरकार ने 5 मई से बिहार में लॉकडाउन लगा रखा है। लॉकडाउन का प्रथम चरण 15 मई तक था। बाद में इसे 25 तारीख तक बढ़ाया गया। हालात की सीमाक्षा के बाद सरकार ने एक सप्ताह तक इसे और बढ़ाने का फैसला लिया। फिर 2-8 जून तक के लिए लॉकडाउन-4 लागू किया गया जो मंगलवार तक प्रभावी है।

दुकानों के खुलने की समय सीमा बढ़ सकती है

सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन अभी जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि लॉकडाउन-4 के मुकाबले लॉकडाउन-5 में प्रतिबंधों में अतिरिक्त ढील दी जा सकती है। अभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानों को सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक खोलने की इजाजत है। माना जा रहा है कि दुकानें शाम 4 या उसके बाद खोलने की इजाजत मिलेगी।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *