बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पिछले पांच वर्षों में नीतीश सरकार की उपलब्धियों पर केन्द्रित अपने दो अभियान गीत जारी किया। रविवार को जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी द्वारा ‘परखा है जिसको, चुनेंगे उसी को’ और ‘आओ बताएं एक कहानी अपने राज्य बिहार की’ शीर्षक गीतों को लॉन्च किया गया।

राज्य के मतदाताओं तक पहुंचने की अपनी रणनीति के तहत पटना में ये गीत जारी किये गये। इन कर्णप्रिय गीतों के माध्यम से बिहार की बदली तस्वीर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश हुई है। साथ ही इन अभियान गीतों के माध्यम से दल ने बिहार की जनता से एकबार फिर नीतीश कुमार को पूर्ण बहुमत देने की अपील की गई है।

cm nitish kumar with ashok chaudhary file photo

नीतीशे कुमार, कहे सारा बिहार

पहला गीत ‘परखा है जिसको चुनेंगे उसी को’ की पंक्तियां कुछ इस प्रकार हैं- ‘हमरे मन को वही भाया, जो भईया करके दिखाया, बिहार को समझा जिसने अपना परिवार, वो है अपना नीतीश कुमार। परखा है जिसको चुनेंगे उसी को, नीतीशे कुमार, कहे सारा बिहार’। इस गीत में नीतीश सरकार द्वारा राज्य में हर घर बिजली, नल का जल, रोजगार और आवास मुहैया कराने जैसे कल्याणकारी कार्यों को शामिल किया गया है।

बदलाव को रेखांकित करता गीत

जदयू द्वारा जारी दूसरा गीत- ‘अरे आओ बताएं एक कहानी अपने राज्य बिहार की’, बिहार में हुए बदलाव का दावा रेखांकित करता है। राजद शासन के दौरान कानून व्यवस्था और गुंडाराज की स्थिति को गीत में शामिल किया गया है। यह गीत नीतीश सरकार द्वारा राज्य में बेहतर सुरक्षा, कानून व्यवस्था के लिए किए गए कार्यों को भी बताता है। गीत के माध्यम से जदयू ने दावा किया है कि ‘सब झुनझुना ले रिझाएंगे, पर मन को भाया जो कर दिखाया, हम फिर उसी को जिताएंगे।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD