बिहार के बेतिया में शादी के सातवें दिन श्यामजी साह (24) की घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की देर रात की है। परिजनों ने श्यामजी की पत्नी गृति कुमारी पर हत्या का आरोप लगाया है। बैरिया पुलिस ने गृति को हिरासत में ले लिया है।

एसडीपीओ मुकुल परिमल पाण्डेय ने बताया कि श्यामजी साह की हत्या उनके घर में गला रेत की गई है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार नहीं मिल पाया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि गृति कुमारी ने ही हत्या कर दी है। गृति को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक के परिजन अंतिम संस्कार करने के बाद आवेदन देंगे तब एफआईआर दर्ज होगी।

मामला यह है कि मलाही टोला निवासी शंभू साह के पुत्र श्यामजी साह की शादी 13 दिसंबर को गोविंदगंज थाने के सरेया गांव की गृति कुमारी से हुई थी। रविवार की सुबह गृति की सास ने सरेह में जाने के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया, तब गृति जोर-जोर से रोने लगी कि उसके पति की हत्या कर दी गई है।

घटना की सूचना पर बैरिया थानाध्यक्ष दुष्यंत कुमार मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान वहां कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गृति ने ही हत्या की है। जब दोनों एक कमरे में सोए थे और उसी कमरे में हत्या हुई है। इसलिए दुल्हन भी इसमें शामिल है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने गृति कुमारी को हिरासत में ले लिया है।

हत्या में बाहर के अपराधियों के शामिल होने की आशंका
श्यामजी साह की हत्या में बाहर के अपराधियों के भी शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने श्यामजी साह के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है। इस मोबाइल का इस्तेमाल श्यामजी के साथ उसकी पत्नी गृति भी करती थी। तकनीकी शाखा की टीम मोबाइल की जांच में जुट गई है। इधर, पुलिस गृति के बयान की सत्यता जांचने में जुट गई है।

गृति का कहना है कि रात में दो व्यक्ति घर का दरवाज खटखटा रहे थे। गृति ने अपनी सास को आवाज दी लेकिन सास ने दरवाजा नहीं खोला। तब गृति ने स्वयं जाकर दरवाजा खोल दिया। मास्क लगाए दो अपराधी घर में घुस गए। इसके बाद गृति के चेहरे पर नशीला पदार्थ छिड़क दिया। गृति को जब सुबह में होश आया तो देखा कि घर में फर्श पर उसके पति का शव खून से लथपथ पड़ा है।

पुलिस का भी मानना है कि श्यामजी की हत्या गला रेत कर अकेले नहीं की जा सकती है। इस हत्याकांड में और अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गृति का बयान भी विश्वसनीय नहीं है। क्योंकि अगर कोई दरवाजा खटखटा रहा तो गृति ने सबसे पहले अपने पति को क्यों नहीं जगाया, जबकि वह उसके साथ सोया था। उसने अपनी सास को आवाज दी तो सास को आवाज क्यों नहीं सुनायी दी। जब उसने दरवाजा खोला और सामने दो अंजान लोग थे तो उसने शोर क्यों नहीं मचाया।

Input: Live Hindustan

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD