लॉकडाउन के दौरान शादी समारोह में आर्केस्ट्रा पर पूरी तरह से बैन है। शादी में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 50 से घटाकर 20 कर दी गई है। लेकिन, पं. चंपारण के चनपटिया में अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां एक शादी समारोह में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया। डांसर को बुलाया गया और स्टेज पर कट्टे से फायरिंग भी कराई गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्टेज पर बैठा एक युवक पहले कट्टा निकालता है। फिर लेडी डांसर को अपने पास बुलाता है। गाने की धुन पर डांसर कट्टे से फायरिंग करती है। फिर युवक को वापस कर देती है।

कोरोना महामारी के दौरान हर्ष फायरिंग

वीडियो में स्टेज के चारों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। जिनमें ज्यादतर युवा ही हैं। किसी के चेहरे पर मास्क नजर नहीं आ रहा है। न ही सोशल डिस्टेंसिंग। गाने की धुन पर डांसर के साथ लोग नाच रहे हैं। उन्हें न तो सरकार के नियमों की परवाह है न ही खुद के जान की। कोरोना महामारी को वे जानबुझकर न्योता दे रहे हैं। साथ ही एक साथ दो नियमों को तोड़ रहे हैं। पहला लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा रहे हैं। दूसरा हर्ष फायरिंग कर भी नियमों को ताक पर रखा गया है। प्रदेश में किसी भी कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग करना बैन है।

वीडियो की पड़ताल के बाद होगी कार्रवाई

पं. चंपारण के चनपटिया में लोग इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो के बारे में चनपटिया थाना के SHO सुजीत दास से बात की गई। उनसे लॉकडाउन के दौरान इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन और फायरिंग को लेकर सवाल किया गया। जवाब में उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जानकारी उन्हें मिली है। इस बारे में पड़ताल की जा रही है। वीडियो कहां का है। इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि वीडियो सही पाए जाने पर आरोपियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। साथ ही जिनके घर पर आयोजन किया गया है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Input: Dainik Bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD