बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के महाकरपुर गांव में बर्थ-डे पार्टी के जश्न में जमकर फायरिंग हुई। इसी दौरान चली एक गोली मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे भोजपुरी लोकगायक व अभिनेता गोलू राजा के दाहिने हाथ मे लग गयी। लोग उन्हें लेकर इलाज के लिए पहले मऊ और फिर बक्सर (बिहार) चले गए। गोलू को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी। फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

भाजपा नेता के यहां हर्ष फायरिंग में भोजपुरी गायक गोलू राजा को लगी गोली।

बताया जाता है कि गांव में भाजपा के एक नेता के बेटे का जन्मदिन था। खाने-पीने के दौर के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शुरू हुआ। इसमें लोक गायक गोलू राजा व गायिका निशा उपाध्याय गीत प्रस्तुत कर रहे थे। इसी दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गयी। एक गोली गायक गोलू राजा की बांह में लगी। वे मंच से कूदकर नीचे भागे। मौके पर अफरातफरी मच गई। अन्य कलाकार सुरक्षित बच गए। इस बाबत गड़वार थानाध्यक्ष अनिल चंद तिवारी ने बताया कि एक जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में हुई फायरिंग में किसी गायक को गोली लगने की सूचना है। गायक से सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सम्पर्क नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है। दोषी पर कड़ी कार्रवाई होगी।

करीब 22 वर्षीय गोलू राजा बिहार के नवाडीह थाना क्षेत्र के सिगरहटा गांव के रहने वाले हैं। उपचार बक्सर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। साथ में मौजूद गोलू के भांजा सत्यजीत ने बताया कि गोली अभी शरीर में ही हैंम एक्स-रे हुआ है। रिपोर्ट आने के बाद ऑपरेशन आदि की प्रक्रिया होगी।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD