जोधपुर के सांसद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत की कोरोना मरीज के परिजन को दी एक सलाह चर्चा में है। दरअसल, मंत्री जी सोमवार को जोधपुर के अस्पतालों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। MDM अस्पताल में एक मरीज के परिवार की दो महिलाओं ने इस दौरान उनसे मदद मांगी। इस पर शेखावत ने उन्हें सांत्वना देते हुए कहा, ‘डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं, आप बालाजी महाराज को नारियल चढ़ा देना, भगवान सब ठीक कर देंगे।’ इतना कहकर शेखावत आगे बढ़ गए। बाद में शेखावत ने कहा कि डॉक्टरों के इलाज के साथ ही भगवान में आस्था रखने में कुछ भी गलत नहीं है।

डॉक्टरों के इलाज पर कोई संदेह नहीं: शेखावत
शेखावत ने बाद में कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन को ढाढस बंधाना किसी भी तरह से गलत नहीं है। एक परेशान मां को दवा और दुआ दोनों पर भरोसा दिलाना मेरे कर्तव्य के दायरे में आता है और वही मैंने निभाया। मैं अस्पतालों की व्यवस्था जांचने ही गया था और सब देखने के बाद ही कहा कि डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं। मैं बता दूं कि मुझे वहां दिन-रात ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों द्वारा किए जा रहे इलाज पर कोई संदेह नहीं है। निश्चित रूप से वे अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभा रहे हैं। लेकिन मरीज और उसके परिवार वालों को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखना भी जरूरी होता है, मैंने जो कहा सामाजिक व्यवहार में वह बहुत सामान्य बात है। हम परेशान लोगों से आम बोलचाल में यही कहते हैं।
अपने बीमार बेटे के लिए मदद मांगने आई माँ से
केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले- "आप बालाजी को नारियल चढ़ाओ, सब ठीक हो जाएगा"#CoronaPandemic #Rajasthan pic.twitter.com/BolPbLpoH8
— News24 (@news24tvchannel) April 26, 2021
वहां मैं कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं कर रहा था। मैं उन परेशान माताजी को संबल दे रहा था कि डॉक्टर सही इलाज कर रहे हैं आप भरोसा रखिए और साथ ही साथ भगवान पर भी भरोसा रखिए। भगवान बालाजी पर आस्था रखने की बात कहना, बुराई है क्या? राजस्थान ही नहीं देश और दुनिया में करोड़ों लोग बालाजी महाराज के भक्त हैं, अगर मैंने कह दिया कि नारियल चढ़ा दीजिए, तो क्या इससे गलत क्या है। हम मनोकामनाओं के लिए मंदिर जाते ही हैं। सामान्य स्थिति में भी अपने घरवालों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए नारियल चढ़ाते ही हैं।

रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी की शिकायतें
शेखावत ने कहा कि आपदा बहुत बड़ी है। हम सभी को बहुत ध्यान रखने की जरूरत है। प्रशासन अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है। हम सभी को मिलकर इससे निपटना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमितों के लिए एम्स में 160 बेड थे। हमने इसे बढ़ाकर 250 करने को कहा, लेकिन उन्होंने 290 बेड उपलब्ध करवा दिए।
वहीं, महात्मा गांधी अस्पताल में डॉक्टरों के साथ बैठक में शेखावत ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं। जिसके नाम से इंजेक्शन दिया जा रहा है वह किसी और को लगाया जा रहा है। ऐसे में CMHO पूरी निगरानी रखें कि जिस मरीज के नाम से इंजेक्शन जारी किया गया है, वह उसी को लगे।
Input: Dainik Bhaskar





