लगातार बढ़ते मामलों के बाद देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 35,62,746 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.87 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 82.03 प्रतिशत दर्ज की गई है। बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 1,72,63,196 हो गई है, जबकि बीमारी से मृत्यु दर घटकर 1.09 प्रतिशत हो गई है। आईसीएमआर के मुताबिक, एक मई तक 29,48,52,078 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 15,41,299 नमूनों की मंगलवार को जांच की गई।

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। भारत में महामारी के मामले 19 अप्रैल को 1.50 करोड़ के पार चले गए थे।

देश के 10 राज्यों में कोरोना के करीब 71 प्रतिशत नए मामले
देश में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 71 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों से आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। नए मामलों में 70.91 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से सामने आए हैं। इस दौरान महाराष्ट्र से सर्वाधिक 51,880 नए मामले सामने आए, जबकि कर्नाटक में 44,631 और केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के 37,190 नए मामलों की पुष्टि हुई है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD