बिहार में दिन प्रतिदिन गहराते जा रहे कोरोना के खतरे के बीच नीतीश सरकार ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को बदल दिया है. सरकार के बेहद खास माने जाने वाले अधिकारी प्रत्यय अमृत को स्वास्थ्य विभाग का प्रधान सचिव बनाये जाने की खबर है. सरकारी सूत्र इसकी पुष्टि कर रहे हैं लेकिन अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हुई है.

नीतीश ने भरोसा जताया तो इस IAS ने बदल ...

दरअसल दो दिन पहले कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के मौजूदा प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत की लापरवाही का मामला उठा था. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शिकायत की थी कि प्रधान सचिव उनकी ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री के निर्देश को भी नहीं मान रहे हैं. स्वास्थ्य सचिव लगातार कोरोना से जुड़े मामलों में फैसले लेन में देर कर रहे हैं जिससे स्थिति खऱाब होती जा रही है.

जानकार बताते हैं कि मंगल पांडेय की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हत्थे से उखड गये थे. उन्होंने कैबिनेट मीटिंग के दौरान ही प्रधान सचिव की जमकर खबर ली थी. इसके बाद जब उन्होंने विभाग की समीक्षा की तो कई लापरवाही सामने आयी. तभी स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को हटाने का फैसला लिया गया था.

हालांकि सरकार की ये कवायद अपनी नाकामी पर पर्दा डालने की ही कोशिश लग रही है. सरकार ने इससे पहले कोरोना के विस्फोट के दौरान ही स्वास्थ्य विभाग के सुपर एक्टिव प्रधान सचिव संजय कुमार को हटा दिया था. संजय कुमार पर कोई आरोप नहीं था और उनके काम की चारो ओर से तारीफ हो रही थी. लेकिन सरकार को उनका काम पसंद नहीं आया और कोरोना से जंग के बीच सेनापति को बदल दिया गया. संजय कुमार के हटने के बाद स्वास्थ्य विभाग का कामकाज लगातार बिगडता गया.

कितने विभाग चलायेंगे प्रत्यय अमृत

नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले प्रत्यय अमृत कितने विभाग चलायेंगे. दरअसल प्रत्यय अमृत के जिम्मे पहले से ही दो विभाग हैं. वे ऊर्जा विभाग के सचिव हैं, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के अध्यक्ष हैं, सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव हैं. अब उन्हें स्वास्थ्य विभाग की भी जिम्मेवारी दी जा रही है. सवाल ये भी कि क्या सरकार के पास प्रत्यय अमृत को छोड़ कोई काबिल अधिकारी नहीं है.

Input : First Bihar

यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप मुजफ्फरपुर नाउ पर पढ़ रहे हैं. जैसेजैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ मुजफ्फरपुर नाउ पर

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD