डेथ सर्टिफिकेट पर पीएम की फोटो की मांग को लेकर हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. लेकिन ये सुर्खियां बीजेपी को रास नहीं आ रही हैं. बीजेपी के नेता हर रोज इशारों ही इशारों में मांझी पर निशाना साध रहे हैं.

कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने भी इशारों ही इशारों में मांझी पर चुटकी ली है. साथ ही मांझी को आईना दिखाने की भी कोशिश की है. अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि ‘मांझी थोडा हटके थोडा सटके वाले हमारे साथी हैं. जिस गठबंधन में रहते हैं उसके लिए परेशानी खड़ी करते हैं लेकिन मदद भी करते हैं.’

कृषि मंत्री ने कहा है कि ‘मांझी जी को क्या परेशानी है ये वहीं बता सकते हैं. मैं उनका डॉक्टर नहीं. ऐसे बयान बिलकुल अनावश्यक हैं. लेकिन मांझी जी बोलते रहते हैं. सीनियर लीडर हैं कुछ भी बोल सकते हैं.’

इधर, मांझी का बयान आने के बाद बीजेपी खेमे में खलबली मची हुई है. अमरेन्द्र प्रताप सिंह से पहले बीजेपी के प्रवक्ता अरविंद सिंह ने भी मांझी पर हमला बोला था. अरविंद सिंह ने ट्विट कर लिखा था कि ‘कुछ लोगों की आदत बन जाती है जिस थाली में खाएंगे उसी में छेद करेंगे और जहां बैठेंगे वहीं गंदगी फैलाएंगे. वहीं, कुछ की आदत होती है बीमार को इलाज, भूखे को भोजन और स्वच्छता को अभियान बनाने की फिर तुलना कैसी.’
दरअसल, मांझी ने जब कोरोना टीके का दूसरा डोज लिया तब उन्हें एक सर्टिफिकेट दिया गया जिसमें पीएम मोदी की तस्वीर लगी थी. मांझी को ये नागवार गुजरा और उन्होंने राष्ट्रपति के साथ सीएम की भी तस्वीर वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट पर दिए जाने की मांग कर दी. अपने इस बयान के ठीक दूसरे दिन मांझी ने एक और बयान जारी किया जिसमें उन्होंने ने लिखा कि ‘अगर तस्वीर लगवाने का इतना ही शौख है तो डेथ सर्टिफिकेट पर भी पीएम की तस्वीर होनी चाहिए.’
Input: zee media





