कोलकाता: बंगाल की राजनीति में आज का दिन काफी अहम है. अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) बीजेपी में शामिल हो चुके हैं. कुछ ही देर में कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान (Brigade Parade Ground) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) मेगा रैली संबोधित करेंगे.
Actor Mithun Chakraborty joins BJP at PM Shri @narendramodi's rally at Brigade Parade Ground, Kolkata.#ModirSatheBrigade pic.twitter.com/gvIMfmmNFb
— BJP (@BJP4India) March 7, 2021

मंच पर पहुंचे मिथुन चक्रवर्ती
सुपर स्टार मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) बीजेपी के मंच पर पहुंच चुके हैं. मिथुन ने मंच से लोगों का अभिवादन किया. मिथुन के साथ मंच पर कैलाश विजयवर्गीय, शिव प्रकाश, मुकुल रॉय सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेता उपस्थित हैं. इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) की बंगाल बीजेपी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात हुई थी. कैलाश विजयवर्गीय ने इस बाबत ट्वीट कर जानकारी दी थी. इस मुलाकात के बाद ही मिथुन की राजनीतिक पारी को लेकर हो रही चर्चाओं को और बल मिला.

भागवत से मुलाकात के दौरान लिखी पटकथा
मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) के बीजेपी में शामिल होने की चर्चाओं को तब अधिक बल मिला था जब मुंबई में मिथुन के आवास पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने मुलाकात की थी. हालांकि तब मिथुन ने इस मुलाकात को आध्यात्मिक बताते हुए राजनीतिक अटकलों को सिरे से खारिज किया था. लेकिन कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात और पीएम मोदी की रैली में मिथुन की मौजूदगी और के बाद तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई थी.

बंगाल में मोदी का मेगा शो
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में विधान सभा चुनाव (West Bengal Election 2021) होंगे. केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से विधान सभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद बंगाल में आज पहला बड़ा कार्यक्रम होगा. इस रैली को सफल बनाने के लिए बीजेपी ने भारी भीड़ जुटाने की योजना बनाई. बीजेपी की तरफ से रैली में 10 लाख से अधिक भीड़ का दावा किया जा रहा है.
Source : Zee News





