पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने बुधवार को विधानपरिषद (Bihar Legislative Council) में तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के कुछ दिन पूर्व दिए गए रीचार्ज कूपन (Recharge Coupoun) वाले बयान का करारा जवाब दिया। बिना तेजस्वी का नाम लिए उन्होंने विपक्षी दल की ओर इशारा करते हुए कहा कि मेरी चिंता मत कीजिए। आपके नेता का टॉकटाइम पांच साल के लिए खत्म हो गया है। हमको तो झारखंड से रीचार्ज करने के लिए फोन आ रहा है।

दरअसल, सहनी झारखंड से फोन की बात कह वे लालू यादव (Lalu Yadav) पर तंज कस रहे थे। उल्लेखनीय है कि विधान सभा चुनाव के बाद भाजपा के एक विधायक को झारखंड से लालू यादव का फोन आया था। वे विधायक को मंत्री पद का लालच देकर अपनी पार्टी में शामिल होने को कह रहे थे। लालू यादव चारा घोटाले मामले में झारखंड में जेल में थे। चुनाव के दौरान इलाज के लिए रिम्स के निदेशक के बंगले में थे।

आपने ही भगाया है
मुकेश सहनी अपने विभाग के बजट पर सरकार का पक्ष रख रहे थे मगर राजद के सदस्य लगातार टोका-टिप्पणी कर रहे थे। इस पर जदयू सदस्य नीरज कुमार ने चुटकी लेते हुए कहा कि मंत्री मुकेश सहनी राजद के लोगों को कांटे की तरह चुभ रहे हैं। मुकेश सहनी ने भी कहा कि आप लोगों ने ही भगाया था, अब मेरी बात क्यों बुरी लग रही है। उन्होंने विपक्ष की चुटकी लेते हुए कहा कि इस बार ऐसा चारा लाया जा रहा है, जो केवल पशु खा सकेंगे, आदमी नहीं।
Input: Dainik Jagran







