बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव (Bihar Election) को लेकर प्रचार का दौर जोर-शोर से चल रहा है. सीएम नीतीश कुमार समेत बीजेपी (BJP) के भी कई दिग्गज नेता बिहार में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं. इस कड़ी में जहां प्रत्याशियों द्वारा भी सघन तौर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है तो वहीं एक ऐसा भी मामला आया है जहां चुनाव से कुछ दिन पहले एक महिला प्रत्याशी ने बच्ची को जन्म दिया है. मामला भोजपुर (Bhojpur) जिले से जुड़ा हुआ है जहां के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू की उम्मीदवार घोषित की गई सुशुमलता कुशवाहा ने चुनाव से ठीक पहले एक बच्ची को जन्म दिया.

दरअसल,  रविवार को ही जिले के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में सुशुमलता कुशवाहा के समर्थन में सीएम नीतीश कुमार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है लेकिन इससे ठीक पहले जो खबर आई वह अपने आप में काफी सुखद भी थी क्योंकि विधायक का चुनाव लड़ रही इस महिला प्रत्याशी को मातृत्व की अनुभूति हुई. जानकारी के मुताबिक सुशुमलता कुशवाहा ने पटना के एक निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. सुशुमलता कुशवाहा की पहचान विधायक की उम्मीदवार से पहले इलाके की मुखिया के तौर पर भी है और उनके विकास कार्यों से ही प्रभावित होकर जदयू ने पहली बार उन्हें जगदीशपुर से विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मैदान में उतारा है.

बाबू वीर कुंवर सिंह की भूमि यानी कि भोजपुर जिले के जगदीशपुर विधानसभा सीट से इस बार कई धुरंधर चुनावी मैदान में हैं. महागठबंधन की ओर से राजद के सीटिंग MLA रामविशुन सिंह लोहिया को टिकट दिया गया है, तो दूसरी ओर जेडीयू की टिकट पर सुशुमलता कुशवाहा एनडीए प्रत्याशी के रूप में पहली बार ताल ठोक रही हैं. सुशुमलता कुशवाहा कि शादी 2012 में हुई थी. सात साल की उनकी एक बेटी भी है.

भोजपुर की जगदीशपुर सीट पर 18 उम्मीदवारों में सुशुमलता कुशवाहा इकलौती महिला कैंडिडेट हैं, जो चुनावी मैदान में हैं. उन्होंने कहा कि मुखिया रहते महिलाओं के लिए उन्होंने बेहतर काम किया है. ग्राम सभा में पहले महिलाएं नहीं आती थीं लेकिन आज आती हैं. किसानों को लेकर सुषुमलता कुशवाहा ने कहा था कि क्षेत्र में 14 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं हालांकि अभी भी कुछ इलाकों में सिंचाई की व्यवस्था में कमी है, जिसे वो दूर करेंगी. इसके अलावा किसानों को जागरूक कर उन्हें अन्य कामों में भी रोजगार सृजित करेंगी. ऐसे में जगदीशपुर विधानसभा सीट पर इसबार काफी रोचक मुकाबला है.

जेडीयू उम्मीदवार सुशुमलता कुशवाहा का ऐसे प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला है, जो पहले विधायक और मंत्री रह चुके हैं. राजद ने अपने सीटिंग एमएलए को टिकट दिया है. जगदीशपुर सीट से पहले तीन बार विधायक रह चुके पूर्व मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा भी लोजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं वहीं राजद के पूर्व विधायक भाई दिनेश भी पप्पू यादव से जाप का टिकट लेकर रणभूमि में कूद गए हैं. भोजपुर जिले की जगदीशपुर विधानसभा सीट हॉट सीट बनी हुई है. चुनावी दंगल में महारथियों का मुकाबला दावा पंचायत की मुखिया और जेडीयू कैंडिडेट सुशुमलता कुशवाहा से है

Input: News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD