मोबाइल वीडियो कालिंग पर पत्नी को दिखाते हुए कार चला रहे बेला की एक फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री के मैनेजर आशुतोष शर्मा ने अवैध पिस्तौल से अपनी कनपट्टी में गोली मार ली। बातचीत में वे काफी गुस्से थे। यह घटना रविवार की सुबह मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग एनएच-28 पर मनियारी थाना क्षेत्र के मनियारी टोल प्लाजा से दो सौ मीटर पश्चिम एक निजी स्कूल के निकट घटी। मैनेजर नगर थाना के सिकंदरपुर के निवासी हैं।

वे अपने ससुराल सकरा थाना के बघनगरी से अपनी कार चलाकर वापस लौट रहे थे। ससुराल में पत्नी से विवाद होने की बात बताई जा रही है। सूचना पर मनियारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कार का शीशा तोड़कर कर जख्मी हालत में उन्हें बाहर निकाला। गंभीर स्थिति में बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण वहां से पटना रेफर कर दिया गया। मनियारी थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि कार समेत एक पिस्तौल व खोखा बरामद की गई है।

शनिवार की रात शहर से अपने ससुराल गया था आशुतोष :
लगभग सवा महीने बाद पत्नी से मिलने शनिवार की रात आशुतोष शर्मा अपने ससुराल बघनगरी पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले मुजफ्फरपुर बघनगरी चौक पर कुछ लोगों के साथ थे। वहां दोस्तों के साथ पार्टी भी चली। पुलिस को बताया गया कि देर रात ससुराल पहुंचने पर पत्नी से विवाद हुआ। टोल प्लाजा के एक कर्मी ने बताया कि कार चलाते वक्त कान में ईयरफोन लगाए हुए थे। टोल प्लाजा पर पहुंचते ही फोन पर बहुत तेज आवाज व गुस्से की स्थिति में बात करने लगे। दो-चार मिनट टोल प्लाजा पर रुके रहे। वहां से कुछ दूर जाने पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

कार को भाड़े पर भी चलाते मैनेजर : नगर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी आशुतोष बेला फेज वन में एक फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री में मैनेजर हैं। वे अपनी लक्जरी कार को भाड़े पर भी चलाते हैं। शनिवार को भी भाड़ा पर कार ले जाने की बात कह कर घर से निकले थे। पुलिस के अनुसार आशुतोष को ससुराल के आसपास के असामाजिक तत्वों से लगाव होने की शिकायत मिल रही है। उसका आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
वर्जन : मनियारी थाना क्षेत्र में एक युवक ने अवैध पिस्तौल से अपनी कनपट्टी में गोली मार ली है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह कार में अपनी पत्नी के साथ वीडियो कालिंग पर था। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
जयंतकांत, एसएसपी
Input: dainik jagran







