बिहार के मुजफ्फरपुर जिले 48 घंटे में पांच लोगों की मौत से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना जिले के कटरा थाना के दरगाह टोले में बीती रात की है। इसी टोले में तीन और लोगों के मरने की बात भी सामने आयी है। इनमें से एक के शव को कटरा पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

विनोद मांझी के शव का शुक्रवार को एसकेएमसीएच में पोस्टमार्टम भी कराया गया। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इसी टोले में गुरुवार को एक दंपती के दाह संस्कार के बाद जहरीली शराब से मौत की बात सुर्खियों में आने पर रात में एसएसपी स्वयं अपनी टीम के साथ जांच करने गांव पहुंचे थे। लेकिन, पुलिस टीम शराब से मौत की बात पुष्ट नहीं कर सकी। हालांकि शुक्रवार को जहरीली शराब के बिन्दु पर भी पुलिस ने जांच शुरू की। श्वान दस्ता व मद्य निषेध टीम कई जगहों पर छापेमारी की। गांव के चौकीदारी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें चार लोगों की मौत की चर्चा की गई है।

शुक्रवार को विनोद मांझी के अलावा अजय मांझी व सोनल कुमार की भी मौत की भी चर्चा इलाके में होती रही। पर, पुलिस सिर्फ विनोद का शव ही बरामद कर सकी है। अन्य दो के आनन-फानन में दाह संस्कार कर दिये जाने की बात इलाके में तैरती रही। ग्रामीणों की मानें तो जिन पांचों मृतकों के नाम गिनाये जा रहे हैं, वे सभी एक ही जगह अपना धंधा करते थे। आधा दर्जन अन्य ग्रामीण के भी बीमार होने और चोरी-छिपे इलाज कराये जाने की चर्चा चल रही है। इधर, विनोद के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने से एफआईआर में कई की अड़चनें आ रही हैं। देर शाम एसएसपी जयंतकांत फिर कटरा जाकर छानबीन किये। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी या कार्रवाई नहीं हो सकी है।

जहरीली शराब के बिन्दु पर भी पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। विनोद मांझी के शव का पोस्टामर्टम कराया गया है। उसकी मौत कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह की जानकारी होगी। परिजन और ग्रामीणों से पुन: पुछताछ की गई है। सबों ने बीमारी से मौत की बात कही है। जहरीली शराब के बिन्दु पर भी पुलिस ने जांच शुरू की है। श्वान दस्ता व मद्य निषेध टीम कई जगहों पर छापेमारी की है। – जयंतकांत, एसएसपी

दरगाह टोले में दिन भर जांच में जुटी रहीं एजेंसिया

जहरीली शराब से मौत की सूचना पर प्रशासन व पुलिस की टीम व अन्य एजेंसियां शुक्रवार को दिन भर कटरा के दरगाह टोले में जांच करती रही। मृतकों के परिजनों से पूछताछ की गई। उनके वीडियो भी बनाये गये। सबके काम-धंधे के बारे में जानकारी ली गई। इसे संबंध में जांच एजेंसियों के अधिकारी ने अपनी गोपनीय रिपोर्ट भी मुख्यालय भेजी है। जांच टीम रामचंद्र मांझी, विनोद मांझी के घर पर जाकर छानबीन की। रामचंद्र व उसकी पत्नी की मौत बुधवार रात, विनोद मांझी की मौत गुरुवार रात हुई है।

विनोद की केमिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार :

विनोद मांझी (40) के शव का पोस्टमार्टम एसकेएमसीएच में किया जा चुका है। एफएमटी विभाग के डॉ. विजय कुमार प्रसाद ने बताया कि उन्होंने सुबह 11 बजे कटरा थाना के दरगाह टोला के शनिचरा मांझी के पुत्र विनोद मांझी (40) के शव का पोस्टमार्टम किया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से उसका विसरा सुरक्षित किया गया है। केमिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि उसके शरीर पर अंदरूनी व बाहरी चोट या जख्म नहीं मिले हैं। इससे पहले रामचंद्र मांझी व उसकी पत्नी की मौत बुधवार रात हुई थी। जिन्हें बीमारी से मरने की बात पुलिस ने कही है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD