साइबर फ्रॉड गिरोह के बदमाशों ने तीन लोगों के बैंक खाता से दो लाख 10 हजार 991 रुपये उड़ा लिए। पीडि़तों ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बदमाशों ने मोबाइल हैक कर तो किसी के डेबिट कार्ड से रुपये की निकासी की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कमरा मुहल्ले के फैजुर रहमान ने बताया कि उनका खाता मुंबई के एक निजी बैंक में है। 27 मार्च को उनके मोबाइल पर कॉल आया था। उक्त व्यक्ति ने बातचीत के क्रम में उनका मोबाइल हैक कर लिया।

कुछ देर बाद उनके खाता से पांच बार में 95 हजार 998 रुपये की निकासी कर ली। मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद बैंक में कॉल किया तो फ्रॉड की बात बताई गई। नगर थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इधर, करजा रक्शा के मो. तालीम खां ने बताया कि जवाहर लाल रोड स्थित एक बैंक में खाता है। सात बार में 89 हजार 993 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। मोबाइल पर रुपये निकासी का मैसेज आया था।

डेबिट कार्ड से उड़ाए रुपये
लकड़ीढ़ाही चंदवारा स्थित आनंदबाग बस्ती के विमल कुमार ने बताया कि 30 मार्च को पक्कीसराय में डेबिट कार्ड गिर गया था। इससे बदमाशों ने तीन बार में 25 हजार रुपये की निकासी कर ली। मोबाइल पर मैसेज आने पर घटना की जानकारी हुई। कार्ड को ब्लॉक कराने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
भगवानपुर चट्टी में प्रोफेसर के साथ मारपीट, छिनतई
सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चट्टी में एक प्रोफेसर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने उनके पर्स से 68 सौ रुपये और गले से सोने की चेन छीन ली। इस संबंध में पीडि़त प्रो. रामजी साह ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें दो भाई मुरारी और कन्हैया को आरोपित बनाया है। गोबरसही आनंद नगर के रहने वाले प्रो. साह ने बताया कि वे अपने साला के घर से लौट रहे थे।

तभी रास्ते में आरोपितों ने घेरकर मारपीट करना शुरू कर दिया। रुपये और चेन छीन लिए। स्थानीय लोगों के जुटने के बाद आरोपित भाग निकले। पीडि़त ने बताया कि आरोपितों से उनके साला का पूर्व से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में घटना को अंजाम देने की बात बताई है। उन्होंने घटना की जानकारी नगर डीएसपी रामनरेश पासवान को देने के बाद थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिन्हा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
Input: Dainik Jagran







