लोजपा (पारस गुट) के अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस ने रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आठ अक्टूबर को लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि समारोह ऐतिहासिक होगी, जिसमें वे स्वयं राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों और सांसदों के अलावा सभी राजनीतिक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करेंगे। बैठक में प्रदेश लोजपा के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा दलित सेना के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री पारस ने रामविलास पासवान को भारत रत्न देने और दिल्ली में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग केंद्र सरकार से की। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मांग की कि लोजपा के प्रदेश कार्यालय को रामविलास पासवान के नाम पर संग्रहालय बनाया जाए। बैठक में सांसद चंदन सिंह, सूरजभान सिंह, सुनील पांडेय, अंबिका प्रसाद बिनू और ललन चंद्रवंशी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। पार्टी प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी।
Source : Dainik Jagran
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏






