दिल्ली के सीमाओं पर कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर किसान पिछले ढाई महीने से आंदोलन कर रहे हैं. इस आंदोलन को कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने भी सर्मथन दे दिया है. पॉप स्टार रिहाना के किसान आंदोलन पर किए ट्वीट के बाद सोशल मीडिया दो धड़ों में बंटा नजर आ रहा है. एक धड़े ने जहां इसे भारत के खिलाफ दुष्प्रचार बताया है तो दूसरे धड़े ने रिहाना का समर्थन किया है. भारतीय पूर्व गेंदबाज इरफान पठान ने इशारों-इशारों में रिहाना की बातों का समर्थन किया है. सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म ट्विटर पर रिहाना के ट्वीट को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताया जा रहा है. इस पर इरफान पठान ने जॉर्ज फ्लाइड की याद दिलाई है जिनकी हत्या के बाद दुनिया भर में blacklivesmatter आंदोलन चला.

पठान ने गुरुवार को ट्वीट किया, “जब संयुक्त राज्य अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड की एक पुलिसकर्मी द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, तो हमारे देश ने अपना दुख व्यक्त किया.” इसके साथ ही उन्होंने हैश टैग #Justsaying का इस्तेमाल किया है.

भारतीय ड्रेसिंग रूम में हुई चर्चा
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बताया कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के मौजूदा प्रदर्शन का मसला टीम बैठक में उठा जिसमें सभी ने अपने विचार रखे. इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कोहली ने इस संक्षिप्त बातचीत का ब्यौरा नहीं दिया. उन्होंने कहा, “हमने टीम बैठक में इस पर बात की. सभी ने अपनी राय रखी.”
Source : News18




