बिहार की राजनीति में गोपालगंज का बड़ा महत्व है। राजद सुप्रीमो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का गोपालगंज गृह जिला है। वे इस समय यादव चारा घोटाले के एक मामले में रांची में सजा काट रहे हैं। इसलिए बिहार के चुनावी मैदान में नहीं दिख रहे हैं। लेकिन उनकी नजर पूरे बिहार के साथ ही अपने गृह जिला की चुनावी राजनीति पर है। यहां बिहार विधानसभा चुनाव-2020 के दूसरे चरण में 3 नवंबर को मतदान है। लालू के गृह जिले में विधानसभा की छह सीटें हैं-बैंकुंठपुर, गोपालगंज, कुचायकोट, हथुआ, बराैली और भोरे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के तमाम नेता लालू के गृह जिल में भाजपा-जदयू प्रत्याशी के प्रत्याशियों के पक्ष में जोर लगा रहे हैं। इस कड़ी में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गोपालगंज पहुंचकर राजनीतिक माहाैल को गरमा दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने जंगल राज को याद दिला मांगें वोट

भाजपा के फायरब्रांड नेता केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को चुनाव प्रचार के दाैरान लालू के गृह जिले गोपालगंज में चढ़ाई की। उन्होंने अतीत के लालू-राबड़ी सरकार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए बयानों का बम फोड़ा। संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि बिहार में जो महागठबंधन बना है, वह केवल बम व बारूद की बात करता है। बिहार की जनता को यह यह करना है कि उसे बम फोड़ने वाली महागठबंधन की सरकार चाहिए कि नारियल फोड़ने वाली एनडीए की सरकार। बिहार व देश में एनडीए ने केवल विकास का कार्य किया है।

लालू-राबड़ी की तस्वीर हटाने से लोग जंगल राज को नहीं भूलेंगे

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति विरासत में मिली है। उन्हें जो विरासत में राजनीति मिली है और राजद का जो विचारधारा है उसे तेजस्वी भी अच्छी तरह जानते हैं। यही कारण है कि उन्होंने पोस्टर से अपने माता-पिता का फोटो हटा दिया। इससे जनता का मूड बदलने वाला नहीं है। जनता जानती है कि लालू यादव को पोस्टर से हटाने से नहीं होगा। क्योंकि सरकार बनी तो फिर से बिहार में जो 15 साल पूर्व होता था, वह फिर से शुरू हो जाएगा। बिहार में जंगल राज की वापसी होगी।

मचेगा सियासी घमासान

गिरिराज सिंह के बयान के बाद गोपालगंज की राजनीति गरमा गई है। राजद के नेता केंद्रीय मंत्री के खिलाफ हमला बोल रहे हैं। इस मुद्दे को चुनाव से पहले गोपालगंज की राजनीति में तल्खी बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

Source : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD