राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) को एक बार फिर रांची में कैली बंगले से लालू प्रसाद को राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) शिफ्ट कर दिया गया है. वहीं, कथित वायरल ऑडियो मामले को लेकर झारखंड (Jharkhand) के आईजी जेल (Jail IG) ने जांच के आदेश दे दिए हैं. इस बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी. चारा घोटाले के दुमका कोषागार से अवैध निकासी के मामले में यदि लालू को हाईकोर्ट से जमानत मिली, तो वह जेल से बाहर आ जाएंगे. इधर कथित तौर पर जेल से किए गए फोन को लेकर बिहार की सियासत बेहद गर्म है. जेडीयू और बीजेपी इस मुद्दे को लेकर लगातार राजद अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमलावर है.

जेडीयू के विधान पार्षद व पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने ट्वीट में लिखा, ‘श्री श्री 420′ सजायाफ्ता कैदी नंबर-3351 लालू प्रसाद पर एक और मुकदमा हो गया. मगर जिस बेटे को सत्ता तक पहुंचाने के लिए बाप बुढ़ापे में भी धतकर्म से बाज नहीं आया वो बेटा इस मुद्दे पर मौन हो गया है.’ नीरज कुमार ने कहा कि सजायाफ्ता लालू प्रसाद द्वारा भाजपा विधायक को फोन कर राज्य सरकार को अस्थिर करने तथा बार-बार जेल मैनुअल के उल्लंघन पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हस्तक्षेप करें. नीरज ने 24 नवंबर को सुशील मोदी के ट्वीट और 25 नवंबर को वायरल हुए लालू प्रसाद के फोन कॉल का हवाला देते हुए कहा कि लालू प्रसाद आदतन अपराधी हैं.

नीरज कुमार ने लालू प्रसाद के खिलाफ जेल मैन्युअल के नियम 999, 1001, 615, 625 और 627 के तहत कार्रवाई की मांग की है. वहीं, JDU नेता संजय सिंह ने लालू प्रसाद यादव को राजनीति का कैंसर और कोढ़ बताया है. इनका कहना है कि जिस तरह लालू प्रसाद यादव ने जेल मैन्युअल का उल्लंघन किया है. संजय सिंह ने यह भी कहा कि ऐसे नेताओं को कोर्ट सबक सिखाए और ज़मानत नहीं दे.

संजय सिंह के इस बयान पर RJD प्रवक्ता एज्या यादव ने पलटवार किया है. एज्या  ने कहा कि इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल ना करें JDU के लोग. लालू प्रसाद यादव गरीबों के मसीहा हैं. राजनैतिक कोढ़ और कैंसर ये लोग खुद हैं. जनादेश की चोरी-डकैती कर इन लोगों ने सत्ता पाई है. बिहार की जनता ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD