बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने शुक्रवार को निश्चय संवाद रैली को संबोधित किया. इसमें उन्होंने न सिर्फ बिहार के विकास को लेकर अपने विजन की बात की बल्कि यह भी कहा कि प्रदेश की कई योजनाएं तो केंद्र भी अपना रहा है. सीएम नीतीश ने फिर अपने 7 निश्चय पार्ट- 2 को दोहराया और जनता से वादा किया कि एक बार फिर मौका मिला तो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे. इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों, खास कर राजद (RJD) को अपने निशाने पर लिया और कहा कि पहले क्या हाल था, कितना हंगामा होता था. किस तरह की घटनाएं घटती थीं. 15 साल राज करने का मौका मिला पति-पत्नी को. क्या बुरा हाल था, कोई शाम को निकल पाता था. आज कितनी बेहतर स्थिति बना दी है. इसको और आगे ले जाना है. बिहार को काफी ऊंचाई पर ले जाना है.
सीएम नीतीश कुमार ने लोगों से कहा कि नई पीढ़ी को पुराने दिनों के बारे में बताइए और अब जो काम हुआ उसको बताइए. फिर मौका मिला तो जमकर काम करेंगे. लोगों से अपील करेंगे कि सबको जीता कर एक बार फिर से सेवा करने का मौका दीजिए. हम अपील करते हैं कि सबको विजयी बनाएं.
नीतीश ने कहा कि लोग जो काम करना चाहेंगे उसकी हम सरकार की तरफ से हरसंभव मदद करेंगे. अभी तो अनुसूचित जाति, जनजाति और अति पिछड़े वर्ग के लिए 10 लाख रुपये की मदद कर रहे हैं, अब सभी महिलाओं की भी मदद करेंगे. लड़कियों को 12वीं कक्षा पास करने पर हम लोग 10 हजार रुपये देते हैं और ग्रेजुएशन कर लेने के बाद 25 हजार देते हैं. अब आगे मौका मिलेगा तो हर लड़की को 12वीं की कक्षा पास करने पर 25 हजार रुपये मिलेगा और ग्रेजुएट हो जाएगी तो उसको 50 हजार रुपये देंगे.
Input: Live Hindustan







