राजधानी पटना से सटे बिहटा में दो करोड़ नगद के साथ 25 लाख रुपये मूल्य के गुटखा और खैनी जब्त होने से सनसनी फैल गई। चौरसिया एजेंसी मालिक लॉकडाउन में दुकान का शटर आधा गिराकर बिक्री कर रहा था। दुकान का मालिक राजेश प्रसाद उर्फ बबलू चौरसिया एवं उपेंद्र चौरसिया सहित कुल चार हिरासत में लिए गए हैं।
शुक्रवार सुबह गश्त पर निकली पुलिस को लॉकडाउन में एजेंसी का शटर आधा खुला हुआ मिला। शक होने पर पहुंची तो नजारा देख भौंचक रह गई। खोलकर गुटखा की बिक्री की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने चौरसिया एजेंसी के घर और गोदाम में छापा मारा। इस दौरान लाखों के गुटखा, सिगरेट, पान मसाला, खैनी पुड़िया, जर्दा सहित कई आपत्तिजनक सामान मिले।
दो टीन के कनस्तर में रखे दो करोड़ पांच लाख रुपये एवं अन्य जगहों से सात लाख 40 हजार तीन सौ रुपये भी बरामद किया। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार झा ने बताया कि गश्ती के दौरान चौरसिया एजेंसी का शटर आधा खुला है। वहां काफी भीड़ लगी हुई थी। सिगरेट, पान, गुटखा, खैनी आदि की खुले आम बिक्री की जा रही है। पुलिस दुकान का मालिक राजेश प्रसाद उर्फ बबलु चौरसिया एवं उपेंद्र चौरसिया को हिरासत में ले लिया गया।
नगदी का कागजात नहीं दिखा पाए
पूछताछ में कारोबारी नगदी एवं अन्य एवं अन्य सामान के कागजात नहीं प्रस्तुत कर पाये। छापेमारी के दौरान पुलिस को दो कनस्टर से नोटों की गड्डी मिली। स्थानीय सीओ सुनील कुमार वर्मा को बतौर मजिस्ट्रेट और डीएसपी पंकज कुमार के नेतृत्व में लाइव वीडियो के माध्यम से जब्त रुपये की गिनती शुरू की गई। करीब दो करोड़ सात लाख 40 हजार तीन सौ रुपये निकले। बरामद कैश को लेकर आयकर विभाग को सूचित किया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज हो सकता है।
ऊंचे दाम पर बेचते थे
अन्य जब्त्त सामानों कई कंपनियों के गुटखा और खैनी जब्त किया गया। इसकी कीमत 25 लाख रुपये अनुमानित है। थानाध्यक्ष की मानें तो कारोबारी अंतर राज्यीय सप्लायर है। बताया जाता है कि बिहटा पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि चौरसिया एजेंसी नियम का उल्लंघन कर धड़ल्ले से गुटखा, सिगरेट, पान मसाला व अन्य तंबाकू उत्पाद खुदरा कारोबारियों को ऊंचे दाम पर बेच रही है।
Input : Live Hindustan







