विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के मुकाबले से पहले सोशल मीडिया ट्रोलर्स की जमकर क्लास लगाई. विराट कोहली ने कहा, ”बहुत से लोग सोशल मीडिया में अपनी पहचान छुपाते हैं फिर खिलाड़ियों को ट्रोल करने की कोशिश करते हैं और यह उनके जीवन का सबसे निचला स्तर है. उनमें आत्मविश्वास की कमी है, जिस वजह से वे यह सब ड्रामा करते हैं. हम जानते हैं कि खिलाड़ियों का समर्थन कैसे किया जाता है. सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बाहरी आवाज का हमारे लिए कोई महत्व नहीं है.”

विराट कोहली ने कहा, ”कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग की… उनमें न तो हिम्मत है और न ही रीढ़… हमारी टीम को परवाह नहीं है कि बाहर क्या हो रहा है… हम केवल उस खेल पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जो हम खेलते हैं.”

विराट कोहली ने आगे कहा, ”मेरे लिए, किसी के धर्म पर हमला करना सबसे निंदनीय बात है, जो एक इंसान कर सकता है. धर्म एक व्यक्ति के लिए बहुत पवित्र है.” उन्होंने आगे कहा, ”हम 200 प्रतिशत शमी के साथ हैं. हमारा भाईचारा, हमारी दोस्ती टीम में नहीं हिल सकती. लोग फिर आ सकते हैं, लेकिन हमारी टीम में कुछ होने वाला नहीं है. एक कप्तान के रूप में, मैं इसे दे सकता हूं. देश के लिए मोहम्मद शमी का जुनून, जिस तरह से वह दिन-ब-दिन दौड़ते हैं, वह अविश्वसनीय है.”

भारतीय कप्तान ने कहा, ”हम जो करते हैं, वो खेल के लिए करते हैं और इनमें से कोई भी (सोशल मीडिया ट्रोल्स) ऐसा कुछ करने की कल्पना भी नहीं कर सकता. इनमें ना कुछ करने का साहस है और ना ही रीढ़. मैं इसे इस तरह से देखता हैं. एक टीम के रूप में, हम समझते हैं कि हमें कैसे एक साथ रहने की जरूरत है और हमें कैसे व्यक्तियों का समर्थन करने की आवश्यकता है और कैसे अपनी ताकत पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है. अगर बाहर के लोग ये सोचते हैं कि भारत कोई मैच हार नहीं सकता तो यह हमारा काम नहीं है, क्योंकि हम गेम खेल रहे हैं. हम समझते हैं कि खेल कैसा होता है. इसलिए, लोग बाहर से कैसे सोचते हैं, इसका कोई मूल्य नहीं है. हमने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया और हम आगे भी कभी इस पर ध्यान नहीं देंगे.”

बता दें कि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने पहले मुकाबले में भारत को पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट की करारी हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद सोशल मीडिया पर मोहम्मद शमी और टीम इंडिया को काफी ज्यादा ट्रोल किया गया था. शमी और टीम इंडिया की ट्रोलिंग के बाद पूर्व और दिग्गज क्रिकेटर टीम इंडिया के समर्थन में उतरे थे.

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत का अगला मुकाबला 31 अक्टूबर यानी रविवार को न्यूजीलैंड के साथ है. यह न्यूजीलैंड का भी दूसरा मुकाबला है. भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमों को टी20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने-अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.
Source : News18
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



