मुजफ्फरपुर : शहर से निकलने वाला प्लास्टिक वेस्ट शहरवासियों के साथ-साथ निगम के लिए परेशानी का कारण बना है। इसके कारण शहर की नालियों का बहाव हमेशा अवरुद्ध हो जाता है। इसके जलाने से शहर की हवा जहरीली हो रही थी। लेकिन अब इससे निजात मिल सकती है। कोलकाता की एक निजी एजेंसी क्लीयर क्लाउड शहर से निकलने वाले प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण करेगी, वह भी निगम से बिना कोई शुल्क लिए। एजेंसी ने महापौर सुरेश कुमार एवं नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय से मिलकर प्लास्टिक वेस्ट के निशुल्क निस्तारण का प्रस्ताव दिया था।

निगम ने इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में तीन माह के लिए एजेंसी को देने का मन बना लिया है। नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की मंजूरी के बाद एजेंसी के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी जाएगी। एजेंसी के चीफ ऑपरेटिंग आफिसर नवीन अग्रवाल ने कहा कि शहर से निकलने वाले प्लास्टिक वेस्ट को कलेक्ट कर अपने खर्च पर रि-साइकिल के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए निगम को किसी प्रकार की राशि नहीं देनी होगी। वहीं नगर आयुक्त ने कहा है कि वर्तमान में प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण गंभीर समस्या बनी हुई है। रौतनिया डं¨पग ग्राउंड पर सैकड़ों टन प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित है। एक निजी एजेंसी ने अपने खर्च पर इसके निस्तारण का प्रस्ताव दिया है।

कोलकाता की एजेंसी को तीन माह के लिए दी जा रही जिम्मेदारी, बगैर किसी शुल्क सेवा का दिया था प्रस्ताव
Source : Dainik Jagran



