भाजपा से ‘नाराज’ चल रहे कुछ नेताओं ने अब लोजपा के ‘बंगले’ की राह पकड़ ली है। तीन दिन पहले नवादा में दो संघ कार्यकर्ताओं और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के बाद अब भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, उषा विद्यार्थी के साथ-साथ जदयू नेता श्री भगवान सिंह कुशवाहा बुधवार को लोजपा में शामिल हो गए।

साथ ही, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष इंदू कश्यप भी लोजपा में शामिल हो गईं। दिल्ली में लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने उषा विद्यार्थी को सदस्यता दिलाई। विद्यार्थी पालीगंज से विधायक रह चुकी हैं और लोजपा से चुनाव लड़ेंगी। पटना में प्रदेशाध्यक्ष प्रिंसराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरजभान सिंह, विनोद सिंह, शाहनवाज कैफी के समक्ष रामेश्वर चौरसिया ने लोजपा का दामन थामा।

सुनील पांडेय ने लोजपा छोड़ी, निर्दलीय लड़ेंगे

तरारी सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज लोजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील पांडेय ने पार्टी छोड़ दी। वे तरारी से निर्दलीय लड़ेंगे। दरअसल तरारी सीट भाजपा के हिस्से आई है। लोजपा पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ उम्मीदवार नहीं देगी। इसी कमिटमेंट के तहत पांडेय को टिकट नहीं मिला।

रामेश्वर चौरसिया सासाराम से चुनाव लड़ेंगे

रामेश्वर चौरसिया सासाराम से प्रत्याशी होंगे। श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को लोजपा जगदीशपुर से चुनाव लड़ाएगी। झाझा सीट जदयू को गई। भाजपा एमएलए रवींद्र यादव बेटिकट हुए। अब लोजपा से लड़ेंगे।
भाजपा की चेतावनी… पीएम की तस्वीर का गैर एनडीए दलों ने इस्तेमाल किया तो केस

भाजपा ने पीएम मोदी की तस्वीर का किसी गैर एनडीए राजनीतिक दल द्वारा इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा पीएम भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों में सबसे प्रमुख हैं। ऐसे में किसी गैर एनडीए दल या उम्मीदवार द्वारा इसका उपयोग नहीं किया जा सकता है। देवेंद्र फडणवीस ने भी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

लोजपा का जवाब.. ट्रंप भी मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे

लोजपा ज्वाइन करने के बाद रामेश्वर चौरसिया ने कहा कि ट्रंप भी तो प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम करेंगे तो क्या गुनाह?

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD