अब इसे संयोग कहें या साजिश. बिहार में एक पखवारे के अंदर तीन बम ब्लास्ट से पुलिस प्रशासन की नींद उड़ गई है. इसे लेकर मुख्यालय से लेकर स्थानीय स्तर तक पुलिस अलर्ट हो गई है. उधर, दरभंगा मामले की जांच एटीएस की टीम कर रही है. सूत्रों की मानें तो दरभंगा मामले का तार कटिहार से जुड़ रहा है. ऐसे में एटीएस की टीम अब कटिहार तक जांच का दायरा बढ़ाएगी. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी कोई अधिकृत बयान नहीं आया है.

दरअसल, बिहार में इस माह सबसे पहले 8 जून को बांका के नवटोलिया स्थित मदरसे के समीप बम ब्लास्ट हुआ. इसमें एक इमाम की मौत हो गई थी. साथ ही कई घायल हुए थे. हालांकि इस मामले में पुलिस ने पिछले सप्ताह कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है. इसके बाद 17 जून को दरभंगा जंक्शन पर सिकंदराबाद एक्सप्रेस से उतारे जा रहे कपड़े के पार्सल में धमाका हुआ. इसके बाद आज सिवान में मस्जिद के पीछे बम ब्लास्ट की घटना हुई.

ये तीनों घटनाएं देखने में भले ही छोटी लगती हैं, लेकिन पुलिस मुख्यालय को सकते में डाल दिया है. हालांकि, दरभंगा में हुई घटना की जांच एटीएस की टीम कर रही है, जबकि बांका की घटना को वहां का प्रशासन ने साधारण बम विस्फोट बताया था. लेकिन अब सिवान में हुए बम विस्फोट ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. बताया जाता है कि दरभंगा पार्सल ब्लास्ट मामले का तार कटिहार से जुड़ रहा है. सूत्रों के अनुसार, पार्सल भेजने का स्केच भी बनाया जा रहा है. एटीएस की टीम कटिहार में भी जांच करेगी.

गौरतलब है कि आज सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित जुड़कन गांव में मस्जिद के पीछे बम ब्लास्ट की घटना से सनसनी मच गई. इस घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में लोगों ने घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. वहां स्थिति नाजुक देख दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया. घायलों की पहचान जुड़कन निवासी विनोद मांझी और उसका तीन वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में की गई है. विस्‍फोट के कारण विनोद का शरीर काफी जल गया है. स्थिति नाजुक बनी हुई है.

Source : Live Cities

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *