बिजली उपभोक्ताओं को शहरी इलाके में बिल जमा करने के लिए अब काउंटर पर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। एनबीपीडीसीएल ने एक ही एजेंसी को ऑन स्पॉट बिलिंग व बिल वसूली का जिम्मा दिया है। विद्युत कार्यपालक अभियंता शहरी डिवीजन 2 पंकज कुमार ने कहा कि नई व्यवस्था से कंज्यूमर व विभाग दोनों को लाभ होगा। पहले ऑन स्पॉट बिलिंग अलग एजेंसी करती थी। बिल वसूली के लिए दूसरी एजेंसी के प्रतिनिधि जाते थे। इससे शत-प्रतिशत राजस्व वसूली नहीं होती थी। उपभोक्ताओं को भी परेशानी हो रही थी।

अब कंज्यूमर को घर पर ही बिलिंग के साथ राशि भुगतान की सुविधा मिलेगी। इसके बदले कंज्यूमर को मौके पर रसीद दी जाएगी। वैसे काउंटर पर बिल जमा करने की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। कार्यपालक अभियंता शहरी डिविजन वन राजू कुमार का कहना है कि एनबीपीडीसीएल ने डाटा इंजीनियरिंग ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड को ऑन स्पॉट बिलिंग व ऑन स्पॉट कलेक्शन की जिम्मेवारी दी है। यह एजेंसी पहले मुजफ्फरपुर में केवल बिलिंग करती थी। अब मुजफ्फरपुर के साथ सीतामढ़ी में भी इस एजेंसी को बिलिंग के साथ ही राजस्व वसूली की जवाबदेही दी गई है।

औद्योगिक उपभोक्ताओं व सरकारी कार्यालयों से इस एजेंसी को राजस्व वसूली नहीं करनी है। घरेलू व व्यवसायी कंज्यूमर से ही एजेंसी को वसूली करने की जिम्मेवारी दी गई है। इसके बदले एजेंसी को 1% कमीशन मिलेगा। 98% उपभोक्ताओं की बिलिंग नहीं करने पर एजेंसी को पेनाल्टी लगेगा।

नया बिजली कनेक्शन लेते समय कोई भी राशि लेने पर एनबीपीडीसीएल ने रोक लगा दी है। विद्युत कार्यपालक अभियंता शहरी डिवीजन वन राजू कुमार ने बताया कि कनेक्शन के लिए सुविधा एप पर आवेदन करना होगा। कंज्यूमर को जो पहला बिल दिया जाएगा, उसी में कनेक्शन की राशि भी जोड़ दी जाएगी।
Source : Dainik Bhaskar



