राज्य में लागू अनलाक में और कितनी छूट मिलेगी, इस पर बुधवार को फैसला हो जाएगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन समूह की बैठक बुलाई गई है। राज्य में लागू अनलाक-5 की समय सीमा बुधवार को ही समाप्त हो रही है। ऐसे में गुरुवार से नया आदेश लागू हो जाएगा। कोरोना संक्रमण के नियंत्रित मामले को देखते हुए इस बार छूट और रियायतों में बड़ी छूट मिलने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति दी जा सकती है। रात्रि कर्फ्यू में भी छूट मिलने की संभावना है। मालूम हो कि सात अगस्त को अनलाक-5 लागू हुआ था, जो 25 अगस्त तक प्रभावी है।

मुख्‍य सचिव ने ली थी जरूरी जानकारी

राज्य में कोरोना की स्थिति और अनलाक को लेकर मुख्य सचिव अधिकारियों के साथ पहले ही बैठक कर चुके हैं। इसमें कई जिलों के डीएम से भी रियायत बढ़ाने आदि पर विचार-विमर्श किया गया है। सोमवार को राज्‍य में कोरोनावायरस और अनलाक पर मुख्‍य सचिव ने बैठक की थी। जिलों के डीएम से भी विमर्श किया गया। मुख्‍यमंत्री बुधवार को बिहारवासियों को कई सौगात देनेवाले हैं। ऐसे में उम्‍मीद की जा रही है कि अनलाक में लोगों को ज्‍यादा रियायतें मिल सकेंगी। बता दें कि सात अगस्‍त से 25 अगस्‍त तक बिहार में अनलाक पांच चल रहा था। वर्तमान में राज्‍य में कई पा‍बंदियों के बीच जनजीवन चल रहा है। नाइट कर्फ्यू रात से नौ बजे से सुबह पांच बजे तक प्रभावी है। पार्क भी सुबह से दोपहर 12 बजे तक की खुले रह रहे हैं। सिनेमा हाल, माल व दुकानें सात बजे तक खुली रहती हैं। इसी तरह स्‍कूल-कोचिंग में भी 50 फीसद उपस्थिति की ही अनुमति दी गई है।

पटना से तीन समेत नौ नए संक्रमित मिले

प्रदेश में मंगलवार को छह जिलों से कोरोना के नौ नए संक्रमित मिले। पटना से तीन के अलावा रोहतास से दो, दरभंगा, जमुई, मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर से एक-एक पाजिटिव मिले हैं। 32 जिलों में किए गए टेस्ट में किसी की रिपोर्ट पाजिटिव नहीं पाई गई।स्वास्थ्य विभाग ने देर रात जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया कि प्रदेश में सोमवार से मंगलवार के बीच कुल 136284 कोविड टेेस्ट किए गए। जिसमें 0.0 फीसद नतीजे पाजिटिव पाए गए। विभाग के अनुसार राज्य में सोमवार से मंगलवार के बीच 19 कोविड संक्रमितों के स्वस्थ होने की सूचना स्वास्थ्य मुख्यालय को भेजी गई है। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव केस घटकर 101 रह गए हैं। मंगलवार को किसी भी जिले से कोविड संक्रमण से किसी की मौत की सूचना विभाग को नहीं भेजी गई। बता दें कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर मिलाकर अब तक 9650 लोगों की जान जा चुकी है।

1.55 लाख को लगे कोविड के टीके

राब्यू, पटना : प्रदेश में मंगलवार को 1.55 लाख लोगों को कोविड के टीके दिए गए। कोविन पोर्टल के अनुसार राज्य में टीकाकरण के लिए 1281 केंद्र मंगलवार को बनाए गए थे। जिसमें कुल 155212 लोगों का टीकाकरण किया गया। बता दें कि राज्य में अब तक 33019963 लोगों का टीकाकरण किय गया है। अब तक 27578207 लोगों को पहला और 5441756 लोगों को दोनों डोज दिए जा चुके हैं।

Source : Dainik Jagran

हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏

advertise-with-muzaffarpur-now

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *