बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पिछले दो दिनों से अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। रविवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर एक अपने संबोधन का वीडियो ट्वीट किया था, जिसपर सवाल खड़े हुए तो उन्होंने फिर एक बयान जारी किया और अपनी बात को सही बताया।

अब उनका एक और बयान सुर्खियों में है। हाजीपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि अगर आपके गांव में कोई खुले में शौच जाता है तो ढोलक लेकर उसके पीछे-पीछे बाजा बजाते हुए जाएं। लोगों को मालूम हो जाए कि ये झाड़ा फिरने (शौच) जा रहे हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गोरौल प्रखंड क्षेत्र के मलिकपुरा में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अबतक 12 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण करा चुके हैं। देश के पीएम का काम सराहनीय है। इसके बावजूद भी कोई अगर खुले में शौच करता है तो आस-पास के लोगों को इसकी जानकारी होनी चाहिए। सुशील मोदी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को उनकी गलती का एहसास दिलाने के लिए ढोलक बजाते हुए उसके पीछे-पीछे जाइए।

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के त्याग और बलिदान के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी यहां तक पहुंची है। उन्होंने गरीबों एवं किसानों के उत्थान में अनेक योजना बनाई, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं। जन धन योजना के तहत 42 करोड़ गरीबों का खाता खुलवाया गया। देश में 77 लाख किसानों के खाते में पैसा और 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनवाया गया।

उज्ज्वला योजना के तहत घर-घर गैस सहित चूल्हा दिया गया। सुशील मोदी ने कहा कि बिहार की स्थिति इस सरकार से पहले क्या थी, किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा कि गेहूं और धान की खेती उतना ही करें जिससे आपका काम चल जाए, विशेष कर तेलहन और दलहन की खेती करें क्योंकि इस खेती में विशेष आमदनी है। खाद्य तेल बाहर से मंगाया जाता है। खर्च का 60 प्रतिशत खाद्य तेल इंडोनेशिया से मंगाया जाता है। इसी तरह दलहन भी बाहर से ही मंगाना पड़ता है।

Source: Dainik Jagran

हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *