एक तरफ कोरोना महामारी तो दूसरी तरफ यास चक्रवात की मार और अब हीटवेव, AES, JE और कालाजार जैसी बीमारियों से निपटने की तैयारी शुरू हो गई है। CM नीतीश कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से AES, JE, हीटवेव और कालाजार को लेकर हाई लेवल बैठक की। मीटिंग में CM ने AES (एक्यूट इन्सेफ्लाइटिस सिंड्रोम), JE (जापानी इंसेफ्लाइटिस), हीट वेव और कालाजार का जिलावार अपडेट लिया। मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद और नालंदा जिले के जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में AES, JE, हीटवेव और कालाजार का अपडेट दिया।

AES से प्रभावित जिलों के लिए CM ने दिए विशेष निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि AES से प्रभावित जिलों में प्रोटोकल के अनुसार इलाज के लिए व्यवस्था बनाए रखें। लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दें। उनके परिवारों को बताएं कि कोई भी बच्चा रात में भूखा न सोए, इस बीमारी के कुछ भी लक्ष्ण दिखें तो जल्द से जल्द अस्पताल जाएं, ताकि उनका समय पर इलाज हो सके। पिछले वर्ष AES प्रभावित मुजफ्फरपुर के जिन प्रखंडों में सोशियो इकोनमिक सर्वे के आधार पर जो कार्य किए गए थे, उसे AES प्रभावित सभी जिलों में क्रियान्वित करें। इन प्रभावित क्षेत्रों में योग्य सभी लाभुकों का आवास प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना से शीघ्र बनाएं, ताकि उनके बच्चे इस बीमारी से सुरक्षित रह सकें। जीविकोपार्जन योजना का लाभ भी इन प्रभावित क्षेत्र के लोगों को अवश्य दिलाएं। सभी प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाएं, इसके लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी।

JE के लिए वैक्सीनेशन कार्य तेज करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जापानी इंसेफ्लाइटिस के लिए बचे हुए तीन जिलों कैमूर, खगड़िया और बेगूसराय में वैक्सीनेशन कार्य तेजी से पूर्ण करें। हीट वेव से प्रभावित होने वाले जिले पूरी तरह अलर्ट पर रहें। इस संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन करें और अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए चिकित्सा व्यवस्था रखें। हीट वेव से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करते रहें। कालाजार उन्मूलन के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। कालाजार मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरतें।
Input: dainik bhaskar






