बिहार के सीएम नीतीश कुमार जहरीली शराब  से मौत मामले में एक्शन मोड में आ गए हैं. गोपालगंज और बेतिया में जहरीली शराब 25 लोगों की मौत के बाद सीएम नीतीश कुमार ने संबधित अधिकारियों के संग बैठक बुलाई और सभी को दोषी लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. सीएम नीतीश ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह अपने स्तर पर समीक्षा बैठक कर दोषियों की पहचान कर कठोर से कठोर कार्रवाई करें. साथ ही सीएम ने मद्य निषेध विभाग और पुलिस मुख्यालय को भी हर दूसरे दिन बैठक कर समीक्षा करने को कहा है. नीतीश कुमार गोपालगंज में हुई जहरीली शराब कांड से बेहद नाराज़ हैं. उन्होंने पटना में अपने सरकारी आवास एक आने मार्ग में आनन फ़ानन में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई और आला अधिकारियों व विभागीय मंत्री को साफ-साफ कह दिया किअब लापरवाही किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नीतीश कुमार ने बैठक में कहा कि शराबबंदी को सरकार ने सख़्ती से लागू किया है जो भी इसे कमजोर करने में लगे हुए है उन्हें पहचान कर उन पर कठोर कार्रवाई करें.

नीतीश कुमार ने निर्देश दिया कि लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाए. इसके लिए प्रमंडल स्तर पर जन जागरूकता अभियान शुरू करने की रूपरेखा तैयार की जाए. नीतीश कुमार ने कहा कि शराबबंदी महिलाओं की मांग पर की गई थी. महिलाओं को फिर से प्रेरित करें ताकि गड़बड़ करने वालों की पहचान हो सके. साथ ही राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, सभी सरकारी आवास में शराबबंदी के पक्ष में दीवार लेखन और प्रचार के अन्य माध्यम से प्रचार प्रसार किया जाए ताकि लोग जागरूक हो सकें.

Haldiram Bhujiawala, Muzaffarpur - Restaurant

इससे पहले सीएम नीतीश ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि छठ महापर्व के बाद शराबबंदी को लेकर बड़ी समीक्षा बैठक की जाएगी. शराबबंदी को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी से हम पहले से कह रहे थे, गलत लोगों के चक्कर में न पड़ें. गलत चीजों का इस्तेमाल करेंगे तो ऐसी ही स्थिति सामने आएगी. लगातार पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाती है और लोग गिरफ्तार होते हैं. अवैध शराब बरामद की जाती है.

मिली जानकारी के अनुसार बिहार के पश्चिम चंपारण और गोपालगंज जिले में जहरीली शराब पीने से 25 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि सरकार के स्तर पर मरने वालों की संख्या 21 ही बताई जा रही है. शराब कांड को लेकर मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार ने सफाई दी है. मंत्री ने स्वीकार किया कि इन दोनों जिलों में शराब से मौत संभावित है. उन्होंने गोपालगंज में 11 और बेतिया में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है.

मंत्री ने कहा कि फिलहाल विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि इस कांड में कुछ भी छिपाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है, जो सच्चाई है वही बात मीडिया को भी बताई जा रही है. मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन करने के लिए गंभीर है और यही करने की दूसरी राज्यों की तुलना में बिहार में कार्रवाई और गिरफ्तारी भी सबसे ज्यादा हुई है.

Source : News18

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *